
मालगाड़ी के डिब्बे में सुलग रही थी आग, बरेली जंक्शन पर रोकते ही मची अफरातफरी
संक्षेप: Bareily News - बरेली में किशनगंज से झारखंड जा रही मालगाड़ी के एक डिब्बे में आग लग गई। स्टेशन प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए डिब्बे को ट्रेन से अलग किया और धुएं के स्रोत की जांच की। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि आग लगने से पहले स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बरेली। किशनगंज से झारखंड के लिए माल लेकर जा रही एक मालगाड़ी के डिब्बे में शनिवार को अचानक आग सुलगती देखी गई। सूचना मिलते ही बरेली जंक्शन प्रशासन हरकत में आ गया। मालगाड़ी को मुख्य लाइन से हटाकर लूप लाइन पर रोका गया, जबकि प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुबह करीब साढ़े आठ बजे मामले की जानकारी मिलते ही स्टेशन सुपरिंटेंडेंट, डिप्टी एसएस, स्टेशन मास्टर और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। जांच में पता चला कि एक डिब्बे में रखे माल से धुआं उठ रहा था। सुरक्षा को देखते हुए डिब्बे को तुरंत ट्रेन से अलग कर दिया गया।

जंक्शन पर मालगाड़ी में एक अतिरिक्त डिब्बा जोड़ा जाना था, लेकिन घटना के बाद प्रक्रिया रोक दी गई। इसके बाद प्रभावित डिब्बे से माल को सुरक्षित बाहर निकालने का कार्य शुरू किया गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि आग पूरी तरह भड़कने से पहले ही स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। रेलवे प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है कि डिब्बे में आग या धुआं कैसे उठा। अधिकारियों के अनुसार माल के घर्षण, शॉर्ट सर्किट या अंदर रखी सामग्री की किसी प्रतिक्रिया के चलते ऐसा हो सकता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




