किसान की हत्या के आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार
- हत्या में प्रयुक्त ट्रैक्टर और रोटावेटर भी बरामद - ट्रैक्टर से कुचलकर रोटावेटर...

टांडा सिकंदरपुर गांव में ट्रैक्टर से कुचलने के बाद रोटावेटर से काटकर किसान टाकन लाल की हत्या के आरोपी पिता-पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया गया है।
फरीदपुर के टांडा सिकंदरपुर के टाकन लाल का गांव के एक व्यक्ति से चार बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है टाकन लाल ने अपने खेत में गेहूं की बोआई की थी। आरोपी और उसके नाबालिग बेटे ने कब्जा करने के लिए टाकनलाल के खेत में ट्रैक्टर से जोताई करनी शुरू कर दी। विरोध करने पहुंचे टाकन लाल की हत्या कर दी। उनके बेटे राजवीर और भाई धर्मपाल जान बचाकर मौके से भाग निकले। राजवीर की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी लिखी। शुक्रवार को पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।
आरोपी बोले- जान बचाने को की हत्या
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों ने पुलिस को मनगढ़ंत कहानियां सुनाईं। पहले दोनों ने कहा कि यदि टाकन को नहीं मारते तो वह लोग धारदार हथियारों से उनकी हत्या कर देते। इसके बाद मुख्य आरोपी के पिता ने कहा कि ट्रैक्टर उनका ड्राइवर चला रहा था, लेकिन पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी।
कड़ी सुरक्षा में हुआ अंतिम संस्कार
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद टाकन लाल का शव गांव पहुंचा। इसके बाद गांव के सैकड़ों लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। तनाव को देखते हुए आनन-फानन में पुलिस टीम को गांव भेजा गया। पुलिस सुरक्षा में टाकन लाल का अंतिम संस्कार किया गया।
राजस्व टीम ने हत्या के बाद की पैमाइश
टांडा सिकंदरपुर में जिस खेत पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा था, शुक्रवार को राजस्व टीम ने उसकी पैमाइश की। इसमें सामने आया कि खेत में तीन सहखातेदार थे। इसमें फरीदपुर थाने में तैनात होमगार्ड सुखपाल, टाकनलाल और मुख्य आरोपी के पिता सह खातेदार थे। राजस्व टीम की जांच में मौके पर होमगार्ड सुखपाल और टाकन लाल का कब्जा पाया। जबकि हत्यारोपी का कब्जा नहीं था। इसी कब्जेदारी को लेकर दोनों के बीच में विवाद चल रहा था।
वर्जन
मुख्य हत्यारोपी नाबालिग है। उसने अपनी मार्कशीट पेश की है, जिसमें उसकी डेट ऑफ बर्थ 2008 दर्शाई गई है। उसे किशोर सदन भेजा जाएगा।
- गौरव सिंह, सीओ फरीदपुर
