ईद-उल-अजहा: जिलेभर की 1360 मस्जिदों में अदा हुई नमाज, अमन-चैन की मांगी दुआ
बरेली में ईद-उल-अजहा का त्योहार धार्मिक उल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। 1360 मस्जिदों में नमाज अदा की गई, जिसमें बड़ी संख्या में नमाजियों ने भाग लिया। प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।
बरेली। बरेली में ईद-उल-अजहा का त्योहार धार्मिक उल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। शहर से लेकर देहात तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिलेभर की करीब 1360 मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की गई। मुख्य नमाज बाकरगंज स्थित ईदगाह में सुबह 10 बजे अदा की गई, जहां काजी ए उल हिन्दुस्तान मुफ्ती असजद रजा खान ने नमाज अदा कराई। बड़ी संख्या में नमाजियों ने ईदगाह पहुंचकर नमाज अदा की और देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। दरगाह आला हजरत के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि वहीं किला जामा मस्जिद में सुबह 9 बजे नमाज अदा हुई।
प्रशासन के अनुसार मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों की 595 मस्जिदों और मुस्लिम बाहुल्य इलाकों की 765 मस्जिदों में सुबह 5 बजे से 10:30 बजे तक नमाज का सिलसिला चलता रहा। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। मस्जिदों और ईदगाहों में देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की गई। ईद को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। मस्जिदों और ईदगाहों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।


