बरेली में कारोबारी आशुतोष अग्रवाल के घर ईडी का छापा
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सिविल लाइंस स्थित कारोबारी के आवास पर ईडी की कार्रवाई दिल्ली

बरेली, मुख्य संवाददाता। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने मंगलवार सुबह सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित आई क्रस्ट स्टोर के मालिक कारोबारी आशुतोष अग्रवाल के आवास पर छापेमारी की। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई पंजाब के पूर्व मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़े मामले में की गई है। संजीव अरोड़ा आम आदमी पार्टी से जुड़े रहे हैं और हाल ही में पंजाब में उन्हें गिरफ्तार किया गया था। मंगलवार सुबह करीब सात बजे दिल्ली से आई चार सदस्यीय ईडी टीम मारवाड़ीगंज स्थित आशुतोष अग्रवाल के घर पहुंची। टीम के पहुंचते ही घर के मुख्य दरवाजे बंद कर बाहरी लोगों की आवाजाही रोक दी गई। जांच के दौरान घर में मौजूद सभी लोगों के मोबाइल फोन भी कब्जे में ले लिए गए, ताकि जांच प्रभावित न हो। सूत्रों के अनुसार छापेमारी के समय कारोबारी आशुतोष अग्रवाल भी आवास पर मौजूद थे। ईडी अधिकारियों ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ की और घर में मौजूद कई दस्तावेज, कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था संभालने और भीड़ नियंत्रित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी.
आशुतोष अग्रवाल का व्यवसाय
आशुतोष अग्रवाल शहर के बड़े कारोबारियों में गिने जाते हैं। वह आई क्रस्ट स्टोर से जुड़े हैं और कैडबरी चॉकलेट की डीलरशिप का भी संचालन करते हैं। ईडी की टीम उनके कारोबारी लेनदेन और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही है। हालांकि एजेंसी की ओर से फिलहाल मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। देर शाम तक ईडी की जांच जारी थी.
दिल्ली-एनसीआर और पंजाब में छापेमारी
ईडी ने मंगलवार को पंजाब के लुधियाना और जालंधर में भी तलाशी अभियान चलाया। इसके अलावा दिल्ली, नोएडा और बरेली समेत कुल छह स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की गई। जांच के दायरे में आए लोगों और कंपनियों के आवासीय एवं व्यावसायिक परिसरों की तलाशी ली गई। सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई एक बड़े वित्तीय मामले से जुड़ी हो सकती है, जिसकी कड़ियां अलग-अलग राज्यों तक फैली हुई हैं।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


