
ई रिक्शा की एजेंसी देने का झांसा देकर छह लाख ठगे
Bareily News - एक ई रिक्शा निर्माता कंपनी के संचालक ने झांसा देकर एक व्यक्ति से छह लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने डीलर बनने का प्रस्ताव देकर पैसे लिए, लेकिन न तो मुनाफा दिया और न ही मूलधन लौटाया। जब पीड़ित ने हिसाब मांगा, तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी।
ई रिक्शा निर्माता कंपनी के संचालक ने एजेंसी देने और मुनाफा कराने का झांसा देकर एक व्यक्ति से छह लाख रुपये ठग लिए। इस मामले में थाना प्रेमनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। प्रेमनगर में ब्रह्मपुरा निवासी सुनील कुमार ने पुलिस को बताया कि शिव शक्ति स्टेट कॉलोनी निवासी मोहित खंडेलवाल ने उन्हें बताया कि न्यूऑन मोटर कंपनी उसके पिता और पत्नी के नाम पर पंजीकृत है। वह उस कंपनी के ई रिक्शा का उन्हें डीलर बनाकर संजयनगर में दुकान व सर्विस सेंटर बनाकर देगा। उसने आरटीओ ऑफिस में ट्रेड कोड खुलवाने की बात कहते हुए हर वाहन की बिक्री पर 20 प्रतिशत मुनाफा देने की बात कही।

इसके बाद उन्होंने 17 अक्तूबर को आरोपी की फर्म गोपाल ट्रेडर्स के खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। फिर 17 अक्तूबर को पांच हजार रुपये लिए और डेढ़ लाख रुपये आरटीओ ऑफिस में कोड खुलवाने के नाम पर ले लिए। इसके बाद आरोपी ने चार लाख रुपये फिर ट्रांसफर कराए। उन्होंने गोपाल ट्रेडर्स के बिल पर तीन ई रिक्शा भी बेचे लेकिन उन्हें न तो मुनाफा दिया और न ही मूलधन लौटाया। उन्होंने हिसाब करने को कहा तो मोहित ने जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। इस तरह मोहित ने उनसे छह लाख रुपये ठग लिए। उन्होंने आरोपी के खिलाफ थाना प्रेमनगर में रिपोर्ट लिखाई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




