सेल कंपनी संचालक मोईन गिरफ्तार, तीन लाख रुपये बरामद

हिन्दुस्तान, बरेली
Follow us on Google News
share

बरेली में हवाला नेटवर्क का खुलासा हुआ है। मोईन अली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उसके कमरे से तीन लाख रुपये, कंपनी का रजिस्ट्रेशन और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। अब पुलिस दिल्ली के दो व्यक्तियों की तलाश कर रही है।

सेल कंपनी संचालक मोईन गिरफ्तार, तीन लाख रुपये बरामद

बरेली, मुख्य संवाददाता। दुबई से संचालित हवाला नेटवर्क में इस्तेमाल सेल कंपनी के संचालक हजियापुर के मोईन अली को भी बारादरी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। खुलासे के बाद वह भागने की तैयारी कर रहा था। तलाशी में उसके कमरे से हवाला के तीन लाख रुपये, सेल कंपनी का रजिस्ट्रेशन, मंडी समिति का लाइसेंस और एक मोबाइल भी बरामद हुआ है। बता दें कि बारादरी पुलिस ने रविवार को माधोबाड़ी के किराना व्यापारी एवं राजस्थान में जिला बीकानेर थाना कालू के गांव नकोदेशर निवासी जगदीश चोटिया और हजियापुर चुंगी निवासी जमीर अहमद को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वे दोनों दुबई में बैठे अली जीशान के इशारे पर यहां हवाला का धंधा चला रहे थे। आरोपियों के कब्जे से 35 लाख रुपये, चार मोबाइल और दो फर्जी आधार कार्ड बरामद हुए थे। जांच में सामने आया कि फेसबुक पर अली जीशान से संपर्क होने के बाद जमीर अहमद ने करीब साल भर पहले यह धंधा शुरू किया था। इसके लिए जमीर अहमद ने अपने तहेरे भाई मोईन अली के नाम पर केजीएन नाम से सेल कंपनी पंजीकृत कराई, जिसके बैंक खातों से करीब छह महीने में 4.70 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ।

जुआ खेलता था मोईन, हवाला से बदल गए शौक

पुलिस के मुताबिक जमीर अहमद ने मोईन अली के नाम पर कंपनी पंजीकृत कराकर हवाला की रकम का लेनदेन किया। इसको लेकर दोनों को अली जीशान से 20 प्रतिशत रकम मिलती थी। इसका वे दोनों आपस में बंटवारा कर लेते थे। पहले मोईन जुआ खेलता रहता था और इसको लेकर जेल भी जा चुका है। मगर जब उसे हवाला से लाखों रुपये मिले तो उसका रहन-सहन और शौक बदल गए।

चांदनी चौक के धंधेबाजों से होगा बड़ा खुलासा

अब इस मामले में दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में मोती बेचने वाले लालचंद और धम्माराम की पुलिस को तलाश है। अली जीशान के इशारे पर विभिन्न प्रदेशों से आने वाली रकम पहले तो जमीर और मोईन इनके पास पहुंचाते थे लेकिन बाद में रकम पहुंचाने का काम जगदीश चोटिया को दे दिया गया। अब पुलिस इन दोनों की तलाश में है। उनकी गिरफ्तारी के बाद गैंग से जुड़ी अन्य जानकारियां भी सामने आएंगी।

हवाला नेटवर्क से जुड़े हजियापुर के मोईन अली को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। दो अन्य आरोपी रविवार को जेल भेजे जा चुके हैं। अब इस गैंग में शामिल दिल्ली के दो व्यक्तियों की तलाश कराई जा रही है।

- शिवम आशुतोष सिंह, एएसपी

सामान्य प्रश्न

मोईन अली को कब गिरफ्तार किया गया?
मोईन अली को बारादरी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।