
बरेली में महाभारतकालीन लिलौर झील में नौका विहार का आगाज
Bareily News - स्वतंत्रता दिवस पर, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने रामनगर की लिलौर झील में नौका विहार कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह झील महाभारत काल में भी उल्लेखित है। झील के सौंदर्यकरण के लिए 20 लाख...
बरेली, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने रामनगर की ऐतिहासिक लिलौर झील में नौका विहार कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महाभारत काल में इस झील का उल्लेख किया गया है । यह भोग की भूमि नहीं बल्कि योग की भूमि है। उन्होंने कहा कि यहां पर स्टीमर व एन.डी.आर.एफ की नाव प्रशासन ने चलाई है। जल्द ही यहां पर इंटरलॉकिंग रोड बनाई जाएगी जिस पर पटरियां भी होगी तथा लोग अपने परिवार सहित फैमिली ट्रेन का आनंद ले सकेंगे। बच्चों के लिए पार्क बनाया जाएगा जिसमें झूले आदि होंगे।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि जो भी लोग यहां घूमने आए उनके साथ प्रेम की भावना के साथ व्यवहार करें। बताया कि इस झील के सौंदर्यकरण के लिए 20 लाख से अधिक की धनराशि दी जा चुकी है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि आप लोग इस झील को साफ सुथरा रखने में हमारा सहयोग दें जिससे कि अधिक से अधिक पर्यटक यहां घूमने के लिए आ सकें । इसको जितना आप लोग सवारेंगे उतना ही यह आपको भी संवारेगी । बच्चों को यहां के इतिहास की जानकारी दें जिससे कि वह जागरूक हो सके। उन्होंने कहा कि दिवाली तक यहां रह रहे लोगों को नौका विहार निशुल्क कराया जाएगा। उन्होंने विद्युत विभाग तथा लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि दिवाली तक यहां समस्त व्यवस्थाएं पूर्ण कर ले। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष सिंह, डीसी मनरेगा, जिला विकास अधिकारी, अधिशाषी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग सहित अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




