भमोरा मे औद्योगिक गलियारा होगा विकसित, डीएम ने देखी भूमि
Bareily News - भमोरा मे औद्योगिक गलियारा होगा विकसित, डीएम ने देखी भूमि

भमोरा, संवाददाता। जनपद में औद्योगिक गलियारा विकसित करने के लिए डीएम अविनाश सिंह ने भमोरा ब्लाक क्षेत्र में भूमि का सर्वे कराया। उनके साथ एसडीएम आंवला विदुषी सिंह भी मौजूद रहीं।उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) द्वारा प्रदेश में बरेली सहित 16 जिलों में औद्योगिक गलियारा विकसित किया जा रहा है। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शशांक चौधरी के पत्र पर डीएम और एसडीएम ने कई जमीनों को चिह्नित किया है। शुक्रवार को डीएम, एडीएम-ई, एसडीएम ने बरेली-कासगंज रेलवे लाइन से पश्चिम दिशा में भमोरा, पखुर्नी, कुडढा, मकरंदपुर ताराचंद, भीकमपुर, हजरतपुर, मटकी चांदपुर सहित दस गांवों की जमीन चिह्नित कर एक मैप तैयार किया है।
डीएम ने पखुर्नी और कुडढा की जमीन का निरीक्षण कर एसडीएम से रिपोर्ट लखनऊ भेजने को कहा है। औद्योगिक गलियारा के लिए एक हजार हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि की जरूरत होगी। इस दौरान तहसीलदार ब्रजेश कुमार वर्मा तथा लेखपाल धीरज कुमार, सुभाष भारती भी मौजूद रहे। दस गांव के किसानों की एक हजार हेक्टेयर जमीन चिह्नित कर मैप तैयार किया है। पखुर्नी के समीप बझा नदी से लेकर बदायूं के रसूलपुर के पास अरिल नदी तक की चिह्नीकरण की गई।एसडीएम विदुषी सिंह ने बताया कि मैप में सभी गांव बचा दिए गए हैं। डीएम ने थाना भमोरा क्षेत्र की नदियों, नेशनल हाईवे, गंगा एक्सप्रेस-वे आदि की जानकारी भी ली। औद्योगिक गलियारा विकसित कराने को प्रयास किये जा रहे हैं, जिनमें बरेली को वरीयता मिलने की उम्मीद जताई गई है।यूपीडा से इस जमीन के संबंध में आज वार्तालाप हुआ है। यह जमीन औद्योगिक गलियारे को विकसित करने के लिए पूरी तरीके से उपयुक्त है। यहां पर बगल में ही थाना और रेलवे स्टेशन है। पक्की सड़क भी बनी हुई है। आबादी न के बराबर है। कोई हाई टेंशन लाइन भी नहीं गुजरी है। जल्द ही यूपीडा की टीम आकर सर्वे करेगी। उम्मीद है कि इस जमीन को फाइनल किया जाएगा। यह बरेली और आसपास के क्षेत्र के विकास के लिए लाइफ लाइन साबित होगी।- अविनाश सिंह, डीएम
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


