ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशबरेली में सर्राफ कारीगर की हत्या कर शव फेंका

बरेली में सर्राफ कारीगर की हत्या कर शव फेंका

माधोबाड़ी में त्रिमूर्ति नर्सिंग होम के पास सर्राफ कारीगर की हत्या कर दी गई। उसका शव बुधवार सुबह वहां पड़ा मिला। सिर और माथे पर चोट का निशान था। शर्ट खून से सनी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक लोहे...

बरेली में सर्राफ कारीगर की हत्या कर शव फेंका
बरेली | वरिष्ठ संवाददाताWed, 04 Mar 2020 11:01 AM
ऐप पर पढ़ें

माधोबाड़ी में त्रिमूर्ति नर्सिंग होम के पास सर्राफ कारीगर की हत्या कर दी गई। उसका शव बुधवार सुबह वहां पड़ा मिला। सिर और माथे पर चोट का निशान था। शर्ट खून से सनी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक लोहे की रॉड जैसी किसी भारी चीज से युवक पर हमला किया गया था। घटना की तहरीर बारादरी पुलिस को दी गई है। संजयनगर में मेगा सिटी सैनिक कॉलोनी निवासी मुनीश रस्तोगी (26) पुत्र प्रीतम लाल रस्तोगी घर में ही जेवर पालिश करने व रिपेयरिंग करते थे।

मंगलवार रात सात बजे वह एक घंटे के अंदर आने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटे तो छोटे भाई सचिन ने कई जगह तलाश किया, लेकिन कुछ पता नहीं लगा। बुधवार सुबह पुलिस की जानकारी पर मुनीश के घरवालों ने माधोबाड़ी स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के बराबर में खाली पड़े प्लाट में पड़े शव की शिनाख्त अपने बेटे के रूप में की। सचिन ने बताया कि मुनीश नशा करता था। वह अक्सर घर से बिना बताये चला जाता था। कभी वह रात नौ बजे घर आता तो कभी सुबह घर आता था।

इंस्पेक्टर बारादरी नरेश त्यागी ने बताया कि मुनीश के सिर पर चोट है। उसका खून गले व सीने तक लगा था। शरीर पर मामूली चोटें व खरोचों के निशान थे। घरवालों ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुये पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास कई दुकानदारों व मजदूरों से बातचीत की। सभी ने कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया। पुलिस का कहना है कि जल्द हत्या का खुलासा किया जायेगा।

मोबाइल घर पर ही छोड़ गया था मुनीश

सचिन ने बताया कि घटना वाली रात वह अपना मोबाइल साथ नहीं ले गया। कई बार वह रात भर घर नहीं आया लेकिन मोबाइल उसके साथ होता था। पुलिस मुनीश के मोबाइल से पता करने का प्रयास कर रही है कि घर से निकलते समय उसने किससे बात की थी।

डेढ़ साल पहले हुई थी मुनीश की शादी

मुनीश की मौत की खबर सुनकर घरवाले मोर्चरी पहुंचे। पत्नी मीरा और उसका एक साल का इकलौटा बेटा है। पति के शव को देखकर वह बेहोश हो गई। होश आने पर वह पति का नाम लेकर रोती रही।  

तीन दिन में तीन हत्याओं से सनसनी

तीन दिन में हत्या की तीन वारदात से सनसनी फैल गई है। नकटिया में नहर के पास एलआईयू कर्मी के बेटे की हत्या कर दी गई थी। आजमनगर में कुमार टॉकीज के पास सेल्समैन मोनू सक्सेना की हत्या की गई। बुधवार सुबह माधोबाड़ी स्थित त्रिमूर्ति नर्सिंग होम के पास बैंक ऑफ बड़ौदा के बराबर वाले प्लाट में युवक की लाश मिली है। शक हत्या का ही है।  

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें