
डीडीपुरम इलाके में बनने लगी नई सड़क
Bareily News - डीडीपुरम क्षेत्र की सड़कों का विकास शुरू हो गया है, जिसमें पानी, सीवरेज और पाइपलाइनें बिछाई गई हैं। फुटपाथ और स्ट्रीट लाइट्स का काम भी तेजी से किया जा रहा है। 46 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट के तहत चार प्रमुख सड़कों को मॉडल रोड में बदला जाएगा। अधिकारियों ने काम को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
शहर के पॉश इलाकों में शुमार डीडीपुरम क्षेत्र की सड़कें बनने लगी हैं। इससे पहले यहां पानी, सीवरेज सहित जरूरी पाइप लाइनें बिछा दी गई हैं। सड़कों के किनारे फुटपाथ का काम भी तेजी से किया जा रहा है। सड़क पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए स्ट्रीट लाइटें भी लगा दी गई हैं। जल्द ही इस सड़क पर लोग फर्राटा भरते नजर आएंगे। सीएम ग्रीड के तहत 46 करोड़ रुपये से डीडीपुरम क्षेत्र की चार प्रमुख सड़कों को मॉडल रोड बनाने का प्रोजेक्ट पिछले साल फरवरी में शुरू किया गया था। डीडीपुरम, एकता नगर और गंगाशील अस्पताल के आसपास की सड़कों पर काम तो तेजी से शुरू किया गया लेकिन उसे पूरा करने में लेटलतीफी शुरू हो गई।
इलाके की चार प्रमुख सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया था। लोगों की परेशानी को देखते हुए हिन्दुस्तान ने 27 मई के बोले बरेली अंक में प्रमुखता से इसे प्रकाशित किया। प्रकाशित खबर का संज्ञान लेकर अधिकारियों ने एजेंसी को तेजी से काम पूरा करने के निर्देश दिए। दो शिफ्टों में लेबर लगाकर काम तेजी से शुरू कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में योजनाबद्ध तरीके से ज्यादातर काम पूरे हो चुके हैं। अब नई सड़क बिछाने का काम किया जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




