शादी का झांसा देकर 13.17 लाख की साइबर ठगी
बरेली के एक युवक ने शादी डॉट कॉम पर एक साइबर ठग से मुलाकात की। ठग ने शादी के बहाने निवेश का झांसा देकर युवक से 13.17 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बरेली। शादी डॉट कॉम पर शादी के लिए जीवनसाथी की तलाश कर रहे युवक की मुलाकात साइबर ठग से हो गई। शादी के साथ ही उसने निवेश के जरिये मुनाफे का झांसा देकर 13.17 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मलूकपुर निवासी अमित कुमार श्रीराम फाइनेंस कंपनी सहारनपुर में कार्यरत हैं। अमित ने पुलिस को बताया कि रिश्ते की तलाश के लिए उन्होंने शादी डॉट कॉम पर प्रोफाइल बना रखी है। 26 सितंबर 2025 को आंचल शर्मा नाम की युवती ने उन्हें रिक्वेस्ट भेजी और फिर दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत होने लगी।
आंचल ने बताया कि वह मुंबई की रहने वाली है और उसकी टेक्सटाइल कंपनी व ज्वेलरी शॉप है। कुछ दिन बाद आंचल ने उन्हें एक इंवेस्टमेंट ग्रुप के बारे में जानकारी दी, बताया कि इसके जरिये शेयर मार्केट से जुड़कर अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। वह उस ग्रुप से जुड़ गए, जिसकी एक महिला एडमिन थी। फिर यूके और भारत के चार नंबरों से उनकी बात होने लगी। वहीं, आंचल शर्मा उन्हें जल्दी ही शादी का आश्वासन देती रही और उनसे रकम निवेश कराई जाती रही। इस तरह 13 अक्तूबर 2025 से 25 जनवरी 2026 तक अलग-अलग खातों में उनसे 13.17 लाख रुपये निवेश कराकर ठगी कर ली गई। तभी उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल और फिर साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कर रकम वापस कराने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


