
ठग महीपाल का भाई गिरफ्तार, पुलिस पर भी किया था हमला
Bareily News - मीरगंज में किसानों से करोड़ों की ठगी करने वाले महीपाल गैंग के सदस्य वीर सिंह यादव को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। वह दो साल से वांछित था और पुलिस पर हमला करने के दौरान दो सिपाही घायल हुए। गैंग ने किसानों को जमीन के सौदों में ठगा था और इसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।
मीरगंज। किसानों से करोड़ों की ठगी कर चुके महीपाल गैंग के सदस्य एवं उसके भाई वीर सिंह उर्फ वीरपाल यादव को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वह ठगी के चार मुकदमों में करीब दो साल से वांछित चल रहा था। बुधवार को गिरफ्तारी के दौरान उसने परिवार वालों संग पुलिस पर भी हमला किया था। इसमें दो सिपाही भी घायल हो गए थे। इसको लेकर भी उसके खिलाफ थाना मीरगंज में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जमीनों का सौदा कराने के बहाने किसानों से करोड़ों की ठगी करने वाले मीरगंज के गांव मसीहाबाद के प्रधान महीपाल यादव, उसके भाई वीर सिंह व बहादुर सिंह के अलावा धीरेंद्र यादव, घंघोरा पिपरिया थाना भोजीपुरा के सतेन्द्र यादव, गाजियाबाद के परवेज अली, बदायूं के रामबाबू यादव, रामपुर के श्यामवीर, हरीश समेत और अनुभव बेनीवाल समेत 24 से ज्यादा ठगों के खिलाफ वर्ष 2023 में थाना मीरगंज, भोजीपुरा और भुता समेत कई थानों में करीब 20 मुकदमे दर्ज हैं।
इन मुकदमों की विवेचना क्राइम ब्रांच कर रही है। इनमें से चार मुकदमों में वांछित वीर सिंह की गिरफ्तारी के लिए बुधवार को क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर संजय कुमार धीर, अरुण कुमार, मनोज कुमार समेत अन्य टीम उसके घर पहुंची तो उसने परिवार वालों के साथ पुलिस पर हमला कर दिया। धक्का लगने से दो सिपाही घायल भी हो गए थे। इसके बाद फोर्स मंगाकर वीर सिंह को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया गया। वहीं, इस मामले में क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर मनोज कुमार की तहरीर पर थाना मीरगंज में वीर सिंह, उसके परिजन और गांव के अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कंपनियों के अधिकारी बनकर ठगी करता था गैंग इस गिरोह का सरगना मीरगंज के गांव मसीहाबाद का पूर्व प्रधान महीपाल सिंह यादव है। वह खुद को नोएडा, लखनऊ, दिल्ली की बड़ी फैक्ट्रियों का मैनेजर बनकर किसानों से मिलता था। फिर अन्य सदस्य भी इसमें शामिल हो जाते थे। किसानों को फंसाकर ये लोग जमीन पसंद करते थे और करोड़ों रुपये में उसका सौदा करते थे। इसके बाद कंपनी मालिक से मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर कमीशन के नाम ठगी कर गायब हो जाते थे। वीर सिंह बोला- गैंग में शामिल तीन वकील, लड़ेंगे केस इंस्पेक्टर संजय धीर ने बताया कि आरोपी वीर सिंह ने पूछताछ में बताया कि वह अन्य लोगों के साथ ठगी के कई मामलों में शामिल रहा। मगर मामले पुराने होने के चलते उनके बारे में ज्यादा याद नहीं है। वह वकील हरीश वकील, देव सिंह राणा व हितेंद्र राणा और राजवीर यादव, सत्येंद्र यादव, परवेज अली को जानता है। ये लोग उसके साथ कई मुकदमों में मुलजिम भी हैं। उपरोक्त तीनों वकील ही अब उसका केस भी लड़ेंगे। भोजीपुरा के इन चार मामलों में हुई गिरफ्तारी केस 01 : आठ अगस्त 2023 को यह केस रामपुर में शाहबाद के मोहल्ला अफगानान निवासी साईम खान ने सतेंद्र यादव, महीपाल सिंह, उसके भाई राजवीर, बहादुर सिंह, अनुभव बेनीवाल और पूर्व दर्जा राज्यमंत्री पन्नालाल कश्यप पर दर्ज कराया। इसमें वीर सिंह का नाम प्रकाश में आया। जमीन का सौदा कराने के नाम पर 25 लाख की ठगी की गई। केस 02 : यह केस आठ अगस्त 2023 को बहेड़ी के गांव भरौनी निवासी हरीश कुमार ने महीपाल, राजवीर, बहादुर सिंह, अनुभव बेनीवाल, परवेज और देव सिंह राणा पर दर्ज कराया। जमीन की सौदेबाजी के नाम पर उनसे 32.5 लाख की ठगी की गई। केस 03 : बदायूं में थाना बिनावर के गांव मलिकपुर निवासी अनिल सिंह ने भी आठ अगस्त 2023 को रिपोर्ट लिखाई। इसमें देव सिंह राणा, हितेंद्र राणा, महीपाल यादव, बहादुर सिंह, अनुभव बेनीवाल, परवेज अली और पन्नालाल कश्यप पर 29 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया गया। केस 04 : पीलीभीत के बिलसंडा निवासी मुनीष कुमार ने 21 अगस्त 2023 को महीपाल व उसके भाई वीर सिंह के अलावा सतेंद्र, धीरेंद्र, परवेज अली व देव सिंह राणा पर रिपोर्ट लिखाई। इसमें 22 लाख रुपये की ठगी की गई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




