Bareily News: सिंचाई विभाग के नलकूप खंड में जांच को पहुंची उप लोकायुक्त आफिस की टीम
Bareily News: सिंचाई विभाग के नलकूप खंड द्वितीय में अधिशासी अभियंता पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। उप लोकायुक्त कार्यालय की चार सदस्यीय टीम मामले की जांच कर रही है। शिकायत में 25.73 लाख और 15.11 लाख रुपये की अवैध वसूली का आरोप है। जांच के दौरान कई दस्तावेज एकत्रित किए गए हैं।

Bareily News: सिंचाई विभाग के नलकूप खंड द्वितीय में अधिशासी अभियंता पर लगे भ्रष्टाचार के आारोपों की जांच के संबंध में मंगलवार को उप लोकायुक्त कार्यालय से टीम पहुंची। अधिशासी अभियंता पर भ्रष्टाचार समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मंगलवार को मढ़ीनाथ स्थित उप लोकायुक्त कार्यालय की चार सदस्यीय टीम जांच को पहुंची। तमाम दस्तावेज आदि एकत्रित किये। नवाबगंज निवासी फरजान अली खां ने उप लोकायुक्त में सिंचाई विभाग के नलकूप खंड द्वितीय अधिशासी अभियंता के खिलाफ शिकायत की थी। आरोप था, वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभिन्न निविदाओं में अनियमितताएं कर खेल किया गया। एक निविदा में करीब 25.73 लाख रुपये की जीएसटी और रॉयल्टी का उल्लेख बताया गया है।
वहीं कमीशन के प्रयास के साथ दूसरी निविदा में 15.11 लाख रुपये की जीएसटी नियम विरुद्ध भुगतान कराने का प्रयास करने का आरोप है। करीब 11 लाख रुपये के कथित भ्रष्टाचार का भी आरोप लगाया है। मामला लोकायुक्त आफिस तक पहुंचा तो वहां से मामले की जांच के आदेश हुए। इस मामले में उप लोकायुक्त आफिस से 9 सितंबर तक अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर शिकायत में लगे आरोप संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा गया था। शिकायतकर्ता ने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के वेतन में भी खेल करने का आरोप लगाया। करीब 10 लाख रुपये कथित तौर पर फर्जी तरह से कुशल और अकुशल कर्मचारियों के नाम तथा मानव दिवस दर्ज भुगतान कराने का भी आरोप है। स्टेशनरी और अन्य मदों में भी कथित फर्जी बिल लगाकर विभाग को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया। आफिस सूत्रों का कहना है, इस मामले में लोकायुक्त आफिस की चार सदस्यीय टीम मंगलवार दोपहर मढ़ीनाथ आाफिस पहुंची। शिकायतों से जुड़े तमाम दस्तावेज एकत्रित किये गये। हालांकि टीम अभी बरेली में ही रुकी है। इस संबंध में अधिशासी अभियंता को फोन किया गया। लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। हालांकि अब जांच पूरी होने के बाद ही अधिशासी अभियंता पर लगे आरोपों की पुष्टि होगी।


