ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेशकोरोना के खौफ से हिला निगम, रोस्टर सिस्टम लागू

कोरोना के खौफ से हिला निगम, रोस्टर सिस्टम लागू

नगर निगम कर्मचारी की कोरोना संक्रमण से मौत हो जाने के बाद पूरा विभाग के कर्मचारी खौफजदा है। तीन दिन बंदी के बाद नगर निगम कार्यालय मंगलवार को खुल गए। कर्मचारियों के लिए रोस्टर लागू कर दिया गया है।...

कोरोना के खौफ से हिला निगम, रोस्टर सिस्टम लागू
हिन्दुस्तान टीम,बरेलीWed, 22 Jul 2020 03:08 AM
ऐप पर पढ़ें

नगर निगम कर्मचारी की कोरोना संक्रमण से मौत हो जाने के बाद पूरा विभाग के कर्मचारी खौफजदा है। तीन दिन बंदी के बाद नगर निगम कार्यालय मंगलवार को खुल गए। कर्मचारियों के लिए रोस्टर लागू कर दिया गया है। अधिकारी रोजाना आएंगे और कर्मचारियों को डे वाइज कार्यालय आना होगा। पूरे स्टाफ को एक साथ ऑफिस बुलाने पर फिलहाल पाबंदी लगा दी है।

नगर निगम कार्यालय में मंगलवार को रौनक लौटी और कर्मचारी काम करते नजर आए। बता दें कि नगर निगम में कोरोना संक्रमित मिलने पर तीन दिन सभी कार्यालयों में पब्लिक डीलिंग बंद कर दी गई थी। खौफजदा कर्मचारी नगर निगम कार्यालय में आने में आनाकानी तक कर रहे हैं। लेखा विभाग के तीन कर्मचारियों को अग्रिम आदेश तक कार्यालय न आने के लिए नोटिस जारी किया गया है। लेखा विभाग, राजस्व विभाग, निर्माण, पर्यावरण, संपत्ति कर विभाग, मुख्य लेखा परीक्षक, केंद्रीय कार्यालय, जलकल आदि विभागाध्यक्षों को कर्मचारियों के रोस्टर संबंधी गाइड लाइन जारी की गई है।

संयुक्त नगरायुक्त अजीत कुमार सिंह ने बताया कि नगर निगम में रोस्टर सिस्टम लागू कर दिया गया है। ऐसे में बारी-बारी एक तिहाई कर्मचारी ही ड्यूटी पर आएंगे। सभी अधिकारियों का उपस्थित रहना अनिवार्य किया गया है।

कंट्रोल रूम के स्टाफ की बदले दिन : नये रोस्टर गाइड लाइन में कंट्रोल रूम की ड्यूटी को पांच क्रम में बांटा है। सोमवार से शुक्रवार तक कर्मचारी कंट्रोल रूम में अपने चार्ट के मुताबिक ड्यूटी करेंगे। गाइड लाइन में लिपिक, अनुचर, एक आउट सोर्सिंग कर्मचारी की तैनाती रहेगी। जो भी शिकायत आएंगी उन्हें रजिस्टर में चढ़ाकर संबंधित विभागाध्यक्ष को भेजना होगा।

सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क लगाना जरूरी : नगर निगम कर्मचारियों के लिए जारी नई गाइड लाइन, रोस्टर सिस्टम में सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क लगाने की हिदायत दी है। ऐसा न करने पर कर्मचारियों पर कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है। कर्मचारियों से निगम कार्यालय में ड्यूटी के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा। मास्क लगाना भी जरूरी होगा।

पब्लिक डीलिंग के लिए इंतजार, कंट्रोल पर करें शिकायत : लोगों के घरों से निकलने पर पाबंदी को देखते हुए नगर निगम में भी फिलहाल पब्लिक डीलिग बंद है। सभी तरह के कार्य ऑनलाइन ही किए जा रहे हैं। नागरिकों को अगर कोई शिकायत है तो नगर निगम में ईमेल कर सकते हैं। कंट्रोल रूम पर शिकायत पर भी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सीवर और सड़कों से संबंधित शिकायतें भी कंट्रोल रूम में कर सकते हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें