पुलिसवाला बताकर लिफ्ट ली फिर जेब काटकर निकाल लिए एक लाख

पुलिसवाला बताकर लिफ्ट ली फिर जेब काटकर निकाल लिए एक लाख

संक्षेप:

Bareily News - फरीदपुर में एक ठेकेदार से बदमाश ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर लिफ्ट ली और रास्ते में उसकी जेब काटकर 1.07 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लिया और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की।

Dec 10, 2025 02:34 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बरेली
share

फरीदपुर/फतेहगंज पूर्वी। खुद को 112 पीआवी का पुलिसकर्मी बताकर बदमाश ने ठेकेदार से लिफ्ट ली, फिर रास्ते में उसकी जेब काटकर 1.07 लाख रुपये निकालकर फरार हो गया। घटना की सूचना पर सीओ फरीदपुर मौके पर पहुंचे और छानबीन की। सीओ के नेतृत्व में फरीदपुर और फतेहगंज पूर्वी थाने की संयुक्त टीम ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। बरेली के गंगानगर निवासी ठेकेदार सत्यप्रकाश ने बताया कि वह दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री में ठेकेदारी करते हैं। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे वह टिसुआ प्लाईवुड फैक्ट्री में मजदूरों का भुगतान करने के लिए 1.07 लाख रुपये लेकर फरीदपुर से टिसुआ जा रहे थे।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

लखनऊ हाईवे पर मरम्मत कार्य के चलते ट्रैफिक वनवे होने से जाम लगा हुआ था। जब वह फरीदपुर थाना क्षेत्र में हरियाली बाजार के सामने पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो वहां खड़े दो युवकों ने उनसे लिफ्ट मांगी। उनमें से एक युवक खाकी पैंट पहने हुआ था। उसने खुद को 112 पीआरवी का पुलिसकर्मी बताया। उसने अपने दूसरे साथी को भी 112 पर तैनात कर्मी बताया। जाम के कारण उसने ठेकेदार से अपने साथी को आगे छोड़ने के लिए कहा। इसके बाद युवक उनकी बाइक पर बैठ गया। जब वह फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में बाकरगंज मोड़ के पास पहुंचे तो युवक ने उनसे वहीं उतारने को कहा। बाइक से उतरते ही युवक ने उनकी जेब काट ली और फरार हो गया। उसके जाने के बाद उनकी नजर जेब पर पड़ी तो देखा रुपये गायब थे। घटना की सूचना पर सीओ फरीदपुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच और घटना की जानकारी ली। पुलिस आरोपियों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। सीओ फरीदपुर संदीप कुमार ने बताया कि फतेहगंज पूर्वी थाना प्रभारी को अति शीघ्र घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए है।