हर्षित मिश्रा हत्याकांड: परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस नेता डॉ. केबी त्रिपाठी हाउस अरेस्ट

Mar 15, 2026 03:11 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बरेली
share

Bareily News - बदायूं में हिंदुस्तान पेट्रोलियम के असिस्टेंट मैनेजर हर्षित मिश्रा की हत्या के मामले में कांग्रेस नेता डॉ. केबी त्रिपाठी को उनके घर पर हाउस अरेस्ट कर दिया गया। वह पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे। त्रिपाठी ने प्रशासन पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया और निष्पक्ष जांच और मुआवजे की मांग की।

हर्षित मिश्रा हत्याकांड: परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस नेता डॉ. केबी त्रिपाठी हाउस अरेस्ट

हर्षित मिश्रा हत्याकांड: परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस नेता डॉ. केबी त्रिपाठी हाउस अरेस्ट बरेली, मुख्य संवाददाता। बदायूं में हिंदुस्तान पेट्रोलियम के असिस्टेंट मैनेजर हर्षित मिश्रा की हत्या के मामले में पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व महापौर प्रत्याशी डॉ. केबी त्रिपाठी को उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर लिया गया। बता दें कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मंत्री अजय राय के निर्देश पर एक प्रतिनिधिमंडल पीलीभीत जिले के पूरनपुर स्थित साहूकारा में हर्षित मिश्रा के परिवार से मिलने और घटना की वास्तविक जानकारी लेने जा रहा था।

इस प्रतिनिधिमंडल में डॉ. केबी त्रिपाठी समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक शामिल थे। मगर डॉ. केबी त्रिपाठी को पुलिस ने उनके घर में ही रोक लिया। इस दौरान डॉ. केबी त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार हत्या, लूट, डकैती और बलात्कार जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन प्रशासन अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण दे रहा है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने जा रहा था तो पुलिस ने सभी नेताओं को उनके घरों पर ही रोक दिया। उन्होंने हर्षित मिश्रा हत्याकांड की निष्पक्ष जांच, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। यह जानकारी कांग्रेस के मीडिया प्रभारी जिया उर रहमान ने दी है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।