व्यापारियों और निगम में बनी सहमति, जल्द कोहाड़ापीर पर गरजेगा बुल्डोजर
Bareily News - सीएम ग्रिड योजना के तहत कोहाड़ापीर से सूद धर्मकांटा रोड पर अतिक्रमण हटाने पर व्यापारियों ने सहमति दी है। निगम अधिकारियों ने व्यापारियों के साथ बैठक कर चौड़ीकरण की वीडियो दिखाई। परियोजना की लंबाई 2.4 किलोमीटर है और इसकी लागत लगभग 47.74 करोड़ रुपये है। सड़क के फुटपाथ को चौड़ा किया जाएगा ताकि पैदल चलने वालों को परेशानी न हो।

शासन की महत्वकांक्षी योजना में शामिल सीएम ग्रिड योजना को लेकर शहर के तमाम इलाकों में काम चालू है लेकिन फेज दो के अंतर्गत कोहाड़ापीर से सूद धर्मकांटा रोड पर अतिक्रमण इसमें रोड़ा बन रहा था। इसको लेकर व्यापारियों व निगम के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार को व्यापारियों ने अतिक्रमण हटाने पर सहमति जता दी है। जल्द ही अतिक्रमण हटाने के साथ निर्माण शुरू होगा। मंगलवार को निगम के अधिकारियों ने व्यापारियों के साथ लल्ला मार्केट के पास बैठक कर संवाद किया। इससे पूर्व व्यापारियों को एलसीडी पर सीएम ग्रिड से होने वाले चौड़ीकरण की वीडियो दिखाई गई, जिसमें चौड़ीकरण होने के बाद रोड को दिखाया गया।
अधिकारियों ने व्यापारियों से कहा कि अगर रोड चौड़ी होगी तो उन्हीं का फायदा होगा और उनकी जगह की कीमत भी बढ़ेगी। कई व्यापारियों ने 30-40 साल पुराने प्रतिष्ठानों और अपनी निजी भूमि को लेकर चिंता जताईं। अधिकारियों ने बताया कि सभी चीजें मानकों के अनुरूप होंगी। परियोजना की लंबाई करीब 2.4 किलोमीटर है। इसकी विशेषताएं सड़क का उच्चीकरण, भूमिगत वर्षा जल व सीवर की व्यवस्था, भूमिगत विदयुत लाइन का कार्य, पाथवे, स्ट्रीट लाइट्स, लैंडस्कैपिंग समेत अन्य कार्य होने है। इसकी लागत करीब 47.74 करोड़ रुपये है। बताया कि रोड का फुटपाथ इसलिए भी चौड़ा किया जा रहा जिससे पैदल चलने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। व्यापारियों ने कहा कि शहर के कई फुटपाथ पर अवैध कब्जे कर लिए गए है, लेकिन निगम इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। अंत में व्यापारियों ने स्वेच्छा से जगह खाली करने पर सहमति जता दी। बैठक में अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय, मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी, एक्सईएन राजीव राठी, पार्षद शालिनी जौहरी, उमान रजा, सलीम अहमद आदि थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


