Hindi NewsUttar-pradesh NewsBareily NewsChoubari Mela Inaugurated in Bareilly with Traditional Rituals and Attractions
हवन-पूजन के साथ विधिवत हुआ चौबारी मेले का शुभारंभ

हवन-पूजन के साथ विधिवत हुआ चौबारी मेले का शुभारंभ

संक्षेप: Bareily News - बरेली के रामगंगा चौबारी तट पर चौबारी मेला का शुभारंभ विधिवत हवन-पूजन के साथ हुआ। मेले में बच्चों के लिए झूले, घोड़ों की बिक्री और गंगा महाआरती का आयोजन किया गया। डीएम ने सुरक्षा और सफाई व्यवस्था के निर्देश दिए। मेले में घोड़ों की विभिन्न नस्लें भी बिकने के लिए आईं हैं।

Mon, 3 Nov 2025 05:02 PMNewswrap हिन्दुस्तान, बरेली
share Share
Follow Us on

बरेली, वरिष्ठ संवाददाता। रामगंगा के चौबारी तट पर रविवार को चौबारी मेला का विधिवत हवन-पूजन करके सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष, मेयर, विधायक, डीएम, एसपी सिटी, एडीएम प्रशासन ने शुभारंभ किया। मेले में बच्चों के लिए ऊंचे-ऊंचे झूले आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। जो दूर से ही लोगों को दिखाई दे रहे हैं। फेरिस व्हील, ड्रैगन झूले, ट्रेन, नाव वाले झूलों के अलावा अन्य झूले लगाए गए हैं। इस बार भी यहां नखासा लगा होने के कारण यहां पर घोड़ों की टाप सुनाई दे रही है। मेले में अपने घोड़ों की बिक्री के लिए लोग पहुंचने लगे हैं। बता दें कि इस बार कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान पांच नवंबर को होगा।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

डीएम ने कहा कि चौबारी मेला मनोरंजन के साथ स्थानीय लोगों की आमदनी का जरिया बनेगा। मेले में लोगों की सुरक्षा को लेकर पुलिस को निर्देशित किया गया। सांसद छत्रपाल गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, मेयर डॉ. उमेश गौतम के साथ एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, एसपी सिटी मानुष पारिक, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह ने रविवार को आठ नवंबर तक चलने वाले रामगंगा चौबारी मेले का शुभारंभ विधिवत हवन-पूजन व फीता काटकर सफेद कबूतर व गुब्बारे भी हवा में उड़ाकर किया। इसके बाद मेले में विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टालों का सभी ने स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि मेले के दौरान 24 घंटे डॉक्टरों की उपस्थिति रहे। नगर मजिस्ट्रेट व एसडीएम सदर को निर्देशित किया कि घाट पर गोताखोरों को तैनात किया जाए। डीएम ने मेले में आने वाले लोगों से अपील की है कि स्नान के समय घाटों पर सुरक्षा मानकों का सभी विशेष ध्यान रखें। इलेक्ट्रॉनिक झूलों में सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने को कहा। डीएम ने सड़क मरम्मत, घाटों पर प्रकाश की व्यवस्था, मेले में हाईमास्टर लाईट लगाने, सफाई रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस दौरान एडीएम फाइनेंस संतोष कुमार सिंह, एडीएम सिटी सौरभ दुबे, एडीएम न्यायिक देशदीपक, सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री, एसडीएम सदर प्रमोद कुमार, एसीएम विजय कुमार, तहसीलदार सदर समेत मेला कमेटी के लोग मौजूद रहे। गंगा महाआरती का किया गया आयोजन चौबारी मेला शुभारंभ के बाद स्टॉलों व मेला प्रांगण का स्थलीय निरीक्षण करने बाद सभी जनप्रतिनिधि व अधिकारी रामगंगा चौबारी घाट पर पहुंचे। यहां अखिल भारत हिंदू महासभा की ओर से आयोजित गंगा महाआरती में सभी शामिल हुए। सभी ने गंगा महाआरती भी की। यहां डीएम ने सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने के अधिकारियों को निर्देश दिए। कोई घटना न हो इसके लिए सहायता केंद्र बनाने के निर्देश दिए। गंगा स्नान के दौरान किसी प्रकार की अप्रीय घटना न हो इसके लिए गोताखोरों को तैनात करने को कहा। रामगंगा स्नान के लिए बैरिकेडिंग लगाने के साथ ही वॉच टॉवर अधिक बनाने व महिलाओं के लिए पर्याप्त संख्या में अस्थायी चेंजिंग रूम बनाने के निर्देश दिए। सफाई के लिए लगाए गए कर्मचारी श्रद्धालुओं को मेले में गंदगी न दिखे इसके लिए अतिरिक्त सफाई कर्मचारी लगाए गए हैं। सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए नगर पंचायत ठिरिया, रिठौरा, नगर पालिका आंवला, क्यारा ब्लॉक से सफाई कर्मचारियों को लगाया गया है। जरूरत पड़ने पर अन्य ब्लॉकों से भी सफाई कर्मचारियों को लगाया जा सकता है। कई राज्यों से तमाम नस्ल के पहुंचने लगे घोड़े, लोगों को भा रहा राजा चौबारी मेले में लगे नखासा में तमाम नस्ल के घोड़े पहुंचने लगे हैं। यह नखासा पश्चिमी उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा घोड़ों का बाजार होता है। इसमें खास तौर से पाकिस्तान बार्डर के सिंधी नस्ल, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, पंजाब और उत्तर प्रदेश के बटेश्वर, देवा शरीफ से खास नस्लों के घोड़े आते हैं, जो दो से तीन लाख रुपये तक के बिकते हैं। चौबारी मेले में बालूतर, पंजाब, काठियावाड़, पाकिस्तान बॉर्डर सिंध कच्छ, काबुल, के साथ कई देशी नस्लों के घोड़ों की भी मांग रहती है। घोड़ों का रंग भी खास अहमियत रखता है। इनमें सबसे अधिक टेलिया कुंबैत (काले बाल), नुखरा (सफेद), अबलख (काली-सफेद चित्तीदार), लाल और आम हुम हमरंग (पूरा एक रंग का) जैसे रंगों के घोड़ों की मांग रहती है। इस बार अभी पांच लाख रुपये का मारवाड़ी नस्ल का घोड़ा राजा सभी को भा रहा है। इसके मालिक सुखपाल ने बताया कि वह खुदागंज शाहजहांपुर के रहने वाले हैं। नखासा में वह तीन घोड़े बिक्री के लिए लेकर पहुंचे हैं। स्काउट गाइड समाज सेवा शिविर का हुआ शुभारंभ बरेली। हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड द्वारा रामगंगा चौबारी मेले में सात दिवसीय आवासीय शिविर का आयोजन किया गया है। हिमांशु सक्सेना प्रादेशिक संगठन आयुक्त ने बताया कि सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक, डीएम, एसपी सिटी ने रिबन काटकर उनके शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में प्राथमिक चिकित्सा, जल सेवा, यातायात व्यवस्था, नुक्कड़ नाटक, गंगा घाट में व्यवस्था देखी जाएगी। एडीएम सिटी, सिटी मजिस्ट्रेट, अल्का मिश्रा सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त गाइड समेत अन्य मौजूद रहे।