धूमधाम से मनाया गया महावीर स्वामी का 2625वां जन्म कल्याणक महामहोत्सव
Bareily News - महावीर स्वामी का 2625वां जन्म कल्याणक महामहोत्सव धूमधाम से मनाया गया। जैन मंदिरों में भगवान का अभिषेक और शोभायात्रा का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भव्य झाकियों के साथ महावीर के संदेश का जश्न मनाया। महोत्सव में सहिष्णुता और सह-अस्तित्व का महत्व बताया गया।

महावीर स्वामी का 2625वां जन्म कल्याणक महामहोत्सव सोमवार को धूमधाम से मनाया गया। शहर के दोनों जैन मंदिरों में भगवान का अभिषेक, शांति धारा स्वर्ण कलशों द्वारा व नित्य नियम पूजन के बाद 48 दीपों की आरती कर शोभायात्रा जैन मंदिर रामपुर गार्डन से निकाली गई। जीओ और जीने दो का संदेश देती बागपत से आई भव्य झाकियों के साथ शुरू हुई शोभायात्रा बरेली कॉलेज, नगर निगम, पटेल चौक, कुतुबखाना होती हुई जैन मंदिर बिहारीपुर पहुंची। मंदिर में भगवान महावीर स्वामी जी की प्रतिमा का अभिषेक जयकारों के बीच किया गया। यहां से शोभा यात्रा इस्लामियां मार्केट, अनाथालय, पटेल चौक होते हुए वापस जैन मंदिर रामपुर गार्डन पहुंचकर धर्म सभा में परिवर्तित हुई।
यहां पांडुशिला पर विराजमान कर भगवान का पुन: अभिषेक किया गया। शोभा यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान केसरिया, पीली और रंग-बिरंगे परिधानों में सजे श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की थाप पर महावीर झूले पालना, तुमसे लागी लगन, महावीर तुम्हारे द्वारे पर आदि भजनों पर झूम रहे थे। कमेटी के सहमंत्री सतेंद्र कुमार जैन ने बताया कि भगवान महावीर के युग में हिंसा थी, पर हिंसा के उतने साधन नहीं थे, आज मनुष्य ने धरती को 17 बार नष्ट करने की सामग्री तक तैयार कर ली है। महोत्सव के मीडिया प्रभारी सौरभ जैन ने कहा कि पूरे विश्व में जिस सहअस्तित्व को भूल एक देश दूसरे देश के प्रति हिंसा कर रहे हैं, उन्हें हजारों वर्षों पूर्व दिए भगवान महावीर स्वामी के दिव्य संदेश को सुनना चाहिए, जिससे उनके बीच वैचारिक सहिष्णुता, सहने की क्षमता विकसित हो सके। सुनील कुमार जैन, ई. अनिल कुमार जैन, अतुल जैन, धनंजय जैन, सतेंद्र जैन, अनुभव जैन, मीनेश जैन, हनी जैन, रुचि जैन आदि रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


