मोबाइल छीन भाग रहे दो चोर पकड़े, पुलिस बचाने में लगी
बरेली, कार्यालय संवाददाता। परसाखेड़ा रोड़ नंबर एक पर मंगलवार की रात आठ बजे लोगों...

परसाखेड़ा रोड़ नंबर एक पर मंगलवार की रात आठ बजे लोगों ने दो मोबाइल चोर को पकड़ लिया। वे रस फैक्ट्री के एक कर्मचारी का मोबाइल छीनकर भाग रहे थे। पुलिस 24 घंटे से चोरों को चौकी में बैठाए थी। मुकदमा दर्ज करना तो दूर उन्हें थाने भी नहीं ले जाया गया। चोरों के बहनोई को बुलाकर पुलिस सांठगांठ में लगी थी। पुलिस के उच्चाधिकारियों के संज्ञान में मामला आया, तो चोर चौकी से थाने ले जाए गए।
सीबीगंज क्षेत्र के लोगों का कहना है, रामपुर रोड, बड़ा बाइपास व परसाखेड़ा के आसपास मोबाइल चोर गैंग सक्रिय है। मंगलवार की रात आठ बजे चोरों ने रस फैक्ट्री के कर्मचारी से मोबाइल छीनकर भागने लगे। शोर-शराबा हुआ तो राहगीर और फैक्ट्री कर्मचारी आ गए। दोनों चोरों को दबोच लिया गया। सूचना पर पुलिस पहुंची। दोनों चोर को पुलिस परसाखेड़ा चौकी ले आई। मंगलवार रात आठ बजे से बुधवार रात आठ बजे तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। एक सिपाही के माध्यम से आरोपियों के पूरनपुर निवासी बहनोई को बुलाकर पुलिस सांठगांठ कर रही थी। जब मीडिया ने पुलिस से चोरों के बारे में जानकारी ली तो इंस्पेक्टर ओपी गौतम भड़क गए। कहा कि उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। जानकारी लेकर बताएंगे कि मुकदमा दर्ज हुआ है या नहीं। इधर, मामला मीडिया के संज्ञान में आने के बाद चौकी से दोनों चोरों को थाने ले जाया गया।
