
सिरौली के शोरूम मैनेजर का अपहरण, सात गिरफ्तार
Bareily News - - मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में हनी ट्रैप में फंसाकर किया अपहरण -
मुरादाबाद। मुरादाबाद में कार्यरत सिरौली निवासी कार शोरूम मैनेजर को हनीट्रैप में फंसाकर अपहरण करने के बाद दस लाख रुपये की फिरौती मांगी। आरोपियों ने 83 हजार रुपये की रकम वसूल भी कर ली। पुलिस ने दो महिला समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर मैनेजर को बरामद कर लिया है। थाना सिरौली के मोहल्ला सईदान निवासी मोहम्मद परवेज मुरादाबाद के मझोला क्षेत्र में दिल्ली रोड स्थित ह्युंडई कार शोरूम में बॉडी शॉप मैनेजर हैं और पत्नी-बच्चों समेत मोहल्ला मंगूपुरा में किराये पर रहते हैं। परवेज के तहेरे भाई मोहम्मद आजम ने शनिवार देर रात मझोला थाने में उनके अपहरण की सूचना दी।

बताया कि दो महिला समेत 6-7 लोग शनिवार शाम करीब छह बजे परवेज को कार से अगवा कर ले गए और उनके मोबाइल से कॉल करके दस लाख रुपये की फिरौती मांगी है। आठ बार में वे लोग 83 हजार रुपये ट्रांसफर भी कर चुके हैं। बाकी रकम न देने पर हत्या की धमकी दी जा रही है। इस पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस परवेज की तलाश में जुट गई। सोमवार को पूरे मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि हनी ट्रैप में फंसाकर परवेज का अपहरण किया गया था। उन्हें मुक्त करा लिया है। वारदात को अंजाम देने वाले अमरोहा के थाना नौगवां सादात के गांव उहकवाड़ा निवासी विकुल कुमार, उसकी पत्नी संगीता, गजरौला के मोहल्ला सैफीनगर निवासी उसके साले शोमिल त्यागी, डिडौली के पतेई खालसा निवासी कार चालक नितिन, मुरादाबाद कोतवाली के कंजरी सराय निवासी एम्बुलेंस चालक अमन, मझोला के कांशीराम नगर में रह रही हापुड़ की नेहा और कांठ के नयागांव निवासी शाकिर को मझोला क्षेत्र से ही गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




