Bareily News: टहलने निकले किराना दुकानदार की गला रेतकर हत्या
Bareily News: भोजीपुरा में किराना व्यापारी सियाराम श्रीवास्तव की हत्या कर दी गई। परिवार ने तीन आरोपियों पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिनको पुलिस ने हिरासत में लिया है। सियाराम की हत्या योजनाबद्ध तरीके से की गई, जिसमें हमलावरों ने उन्हें वैन में उठाकर गला काटा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Bareily News: घर से मार्निंग वॉक पर निकले किराना व्यापारी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उनके शरीर पर चाकू से कई प्रहार किए गए। इस मामले में परिजन ने तीन आरोपियों पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिनको हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस की जांच में उन्हें वैन में उठाकर ले जाने के बाद हत्या की बात सामने आई है। पुलिस वैन को ट्रेस करने में जुटी है। भोजीपुरा में कस्बा धौराटांडा के वार्ड एक निवासी किराना व्यापारी 65 वर्षीय सियाराम श्रीवास्तव शुक्रवार सुबह करीब छह बजे पत्नी सत्यवती के साथ मार्निंग वॉक पर निकले थे। कुछ दूर टहलने के बाद पत्नी घर लौट गईं और सियाराम बिबियापुर कायस्थान वाले रोड पर निकल गए। सुबह करीब 6:38 बजे सियाराम के बेटे अर्जुन श्रीवास्तव के मोबाइल पर कस्बे के लेखपाल कश्यम ने सूचना दी कि उनके पिता बिबियापुर में सड़क पर खून से लथपथ पड़े हैं। इस अर्जुन, उनके भाई सुरेश और ताऊ नत्थूलाल समेत परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे। भोजीपुरा इंस्पेक्टर केबी सिंह भी पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। जांच में सामने आया कि चाकू से गला काटकर सियाराम की हत्या की गई है और उनके शरीर पर चाकू से कई अन्य प्रहार भी किए गए हैं। कुछ ही देर में एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्र, सीओ देवेश सिंह और फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई। जांच के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया।
जमीन की रंजिश में हत्या का आरोप
इस मामले में सियाराम के बेटे सुरेश ने धौराटांडा के ही लालाराम, उसके बेटे संजीव और मोहल्ले के महेंद्र श्रीवास्तव के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप लगाया है कि लालाराम से उनके पिता का संपत्ति को लेकर विवाद था, जिसके चलते उनकी हत्या की गई है। आरोपी उनके पिता को कई बार हत्या की धमकी भी दे चुके थे। उन्होंने एफआईआर में पिता की सोने की चेन और मोबाइल गायब होने का भी आरोप लगाया है। रिपोर्ट के बाद पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आया है कि सियाराम के भाई नत्थूलाल और लालाराम के बीच एक जमीन को लेकर विवाद है, जो कोर्ट में विचाराधीन है।
गर्दन पर दो गहरे प्रहार से कट गया ट्रैकिया
हमलावरों ने सियाराम की गर्दन पर दो गहरे प्रहार किए, जिससे उनका ट्रैकिया कट गया था। इसके साथ ही उनके सीना, पेट आदि पर धारदार हथियार से करीब आठ प्रहार किए गए। इनकी वजह से उनका हृदय और फेफड़ा भी फट गया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया है।
योजना बनाकर हत्या, संदिग्ध वैन की तलाश में पुलिस
पुलिस की जांच में सामने आया है कि सियाराम श्रीवास्तव की हत्या योजनाबद्ध तरीके से की गई है। टहलने के दौरान एक मारुति वैन सियाराम के पीछे चल रही थी। सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों में उसकी फुटेज भी मिली है। सूत्रों के मुताबिक किराना व्यापारी सियाराम को इसी वैन में सवार लोगों ने अपने साथ बैठा लिया और फिर वैन में ही हत्या करने के बाद शव को सड़क किनारे फेंक दिया। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर सियाराम का शव मिला है, वहां तक वह कभी भी टहलने नहीं जाते थे। इसी वजह से योजनाबद्ध तरीके से हत्या की बात कही जा रही है। पूरे मामले के खुलासे के लिए पुलिस इस वैन की तलाश में जुटी है।
वर्जन
मृतक के बेटे की तहरीर के आधार पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। नामजद व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। कई अन्य बिंदुओं पर भी जांच चल रही है। जल्दी ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
- मुकेश चंद्र मिश्र, एसपी नॉर्थ


