भाजपा नेता पर फायरिंग कर भागे दबंगों को क्योलड़िया पुलिस ने पकड़ा, जेल
Bareily News - नवाबगंज में भाजपा नेता टीआर गंगवार पर ओवरटेक को लेकर दबंगों ने हमला किया। पुलिस ने फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए। टीआर गंगवार ने आरोपियों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया। शिक्षकों ने भी कड़ी कार्रवाई की मांग की।

नवाबगंज। कार को ओवरटेक करने को लेकर भाजपा नेता की कार में तोड़फोड़ और फायरिंग कर भागे दबंगों को गश्त कर रही क्योलड़िया पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने उनके पास से एक तमंचा, एक कारतूस व एक खोखा बरामद किया है। पकड़े गए दोनों दबंगों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। उनके ऊपर कई थानों में मारपीट, हत्या का प्रयास व आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। उधर, भाजपा नेता ने दबंगों के खिलाफ थाना नवाबगंज में मुकदमा दर्ज कराया है। कस्बे के मोहल्ला आदर्श नगर निवासी टीआर गंगवार भाजपा नेता होने के साथ ही माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा के जिलाध्यक्ष हैं।
रविवार को वह अपनी कार से एक अंत्येष्टि में शामिल होने श्मशान भूमि जा रहे थे। कार उनके चालक शेर सिंह चला रहे थे। इसी बीच आगे चल रही एक कार को उनके ड्राइवर ने ओवरटेक कर लिया। जिससे गुस्साए दूसरी कार के चालक ने बरखन रोड पर उनके वाहन कार के आगे अपनी कार लगा दी। कार में से उतरे चालक वह अन्य युवकों ने उनकी कार के ड्राइवर से मारपीट कर कार में लोहे की राड से तोड़फोड़ कर डाली। भाजपा नेता ने विरोध किया तो एक ने उनके उपर तमंचे से फायर कर दिया था। उन्होंने जमीन पर बैठकर अपनी जान बचाई। फायर की आवाज सुन आस पास के लोग उधर दौड़े तो दबंग फरार हो गए। मारपीट और फायरिंग करने वालों में से एक की पहचान ग्रामीणों ने अनूप सरदार निवासी हाफिजगंज गांव के रूप में की थी। इस मामले में टीआर गंगवार की ओर से अनूप सरदार व दो अन्य के खिलाफ थाना नवाबगंज में मुकदमा दर्ज कराया था। फायरिंग कर भागे दबंगों को जेल भाजपा नेता पर फायरिंग करने के बाद दबंग अपनी कार लेकर क्योलड़िया की ओर भाग गए। जिसकी सूचना मिलने पर क्योलड़िया पुलिस ने ठिरिया बन्नोजान गांव में धर्मकांटा के पास दबंगों को कार समेत पकड़ लिया। तलाशी लेने पर पुलिस को उनके पास से एक तमंचा 315 बोर, एक कारतूस व एक खोखा मिला। अनूप सिंह पुत्र फरीद सिंह निवासी हाफिजगंज व सचिन पुत्र कृष्णपाल निवासी औरंगाबाद के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी की गई तो पता चला कि अनूप सिंह पर नवाबगंज व हाफिजगंज थाने में मारपीट, हत्या का प्रयास व आर्म्स एक्ट के 10 मुकदमे दर्ज हैं। जबकि सचिन पर हाफिजगंज, नवाबगंज व इज्जतनगर थाने में तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उन दोनों को जेल भेज दिया। शिक्षकों ने सीओ को सौंपा ज्ञापन भाजपा नेता टीआर गंगवार पर जानलेवा हमला करने वाले दबंगों पर कड़ी कार्रवाई के लिए वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों ने सीओ नीलेश मिश्र को ज्ञापन सौंपा। जिसपर सीओ ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसमें टीआर गंगवार, मुनीश मिश्रा, भुवनेश कुमार, शोभाराम प्रजापति, छविराम, भारत सिंह, रमेश गंगवार, सुरेन्द्रवीर गंगवार, रूपेश गंगवार, जयदीप, हेमलता, सोनी, रेखा, राजेश कुमार आदि थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




