Bareily News: जलभराव से जूझ रहे वार्ड 14 के लोग, नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
Bareily News: संजय नगर की जल निकासी पाइप लाइन बंद होने से बढ़ी परेशानी, स्थायी समाधान की मांग जलभराव से जूझ रहे वार्ड 14 के लोग, नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

Bareily News: बरेली। वार्ड 14 के ब्रह्मपुरा और संजय नगर क्षेत्र में पिछले 4 से 5 माह से गंभीर जलभराव की समस्या बनी हुई है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने और संजय नगर की जल निकासी पाइप लाइन बंद किए जाने से परेशान क्षेत्रवासियों ने बुधवार को नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। बुधवार को क्षेत्र के लोग नगर निगम पहुंचे। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि रेजीडेंसी गार्डन कॉलोनी के लोगों द्वारा संजय नगर की जल निकासी पाइप लाइन बंद किए जाने के कारण पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। लंबे समय से जलभराव की समस्या बने रहने के बावजूद इसका स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
इससे लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुखदेव शर्मा, दिनेश,सूरजभान और बब्बू पटेल का कहना है कि जलभराव के कारण क्षेत्र के लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। बच्चों को स्कूल आने-जाने में दिक्कत होती है,वहीं बुजुर्गों के आवागमन में भी परेशानी आती है। लंबे समय तक पानी भरा रहने से जनस्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बनी हुई है। क्षेत्रवासियों ने नगर आयुक्त से जल निकासी पाइप लाइन की समस्या का निरीक्षण कराने,पानी की निकासी सुचारु करने और जलभराव से निजात दिलाने के लिए स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि कुछ लोग अपनी समस्याएं लेकर आए थे। उनकी समस्या का समाधान कराया जा रहा है।

