Bareily News: नाथ कॉरिडोर का तेजी से विकास कर बरेली ने हासिल की 13वीं रैंक
Bareily News: सीएम डैशबोर्ड की सितंबर रिपोर्ट में बरेली पर्यटन को ए ग्रेड और प्रदेश में 13वां स्थान मिला। जिले को दस में दस अंक प्राप्त हुए हैं। कुल 38 स्वीकृत प्रोजेक्ट में से 17 पूरे हो चुके हैं और 21 पर काम जारी है। नाथ कॉरिडोर के मंदिरों में निर्माण कार्य अलग-अलग चरणों में है। अन्य पर्यटन स्थलों पर भी परियोजनाएं चल रही हैं।

Bareily News: पर्यटन के नक्शे पर बरेली की पहचान लगातार बढ़ रही है। सितंबर महीने में सीएम डैशबोर्ड में तमाम विभागों में जहां बरेली की रैंक नीचे गिरी, वहीं पर्यटन में बरेली ने ए ग्रेड पाया। पूरे प्रदेश में बरेली को 13वां स्थान हासिल हुआ है। सीएम डैशबोर्ड की ताजी रिपोर्ट को देखा जाए तो बरेली को दस में दस अंक प्राप्त हुए हैं। जिले में कुल 38 प्रोजेक्ट स्वीकृत हुए हैं। इसमें से 17 प्रोजेक्ट पूर्ण हो चुके हैं। 21 प्रोजेक्ट में काम चल रहा है। पर्यटन विभाग इस समय नाथ कॉरिडोर योजना को तेजी से पूर्ण करने में जुटा है। योजना के तहत धोपेश्वर नाथ मंदिर में यात्री विश्राम गृह, टॉयलेट ब्लॉक, इंटरलॉकिंग, सिटिंग बेंच, हार्टीकल्चर वर्क आदि का 90 फीसदी काम पूर्ण हो चुका है। तपेश्वर नाथ मंदिर में मेन द्वार, स्टेज, भंडार हाल, फ्लोरिस्ट शॉप और टॉयलेट ब्लॉक बनाने का काम 65 फीसदी पूर्ण हुआ है।
नाथ कॉरिडोर के मंदिरों में निर्माण कार्य
इस काम को फरवरी 2027 तक पूर्ण किया जाना है। तुलसी मठ में मेन द्वार, वैदिक लाइब्रेरी, स्टेज, धर्मशाला आदि का कार्य 80 फीसदी पूर्ण हो गया है। यह प्रोजेक्ट फरवरी 2027 तक पूर्ण किया जाना है। फोकस वॉल का निर्माण कार्य भी 90 फीसदी पूर्ण हो गया है। पशुपति नाथ मंदिर में मुख्य द्वार, नंदी स्थल, इंटरलॉकिंग आदि का 90 फीसद काम हो चुका है। अलखनाथ मंदिर में काम की रफ्तार कुछ पीछे है। यहां अभी 65 फीसदी काम पूर्ण हुआ है। त्रिवटी नाथ मंदिर में भी अभी 60 फीसदी काम ही पूरा हुआ है।
अन्य पर्यटन स्थलों पर भी परियोजनाएं जारी
तेजी से पूर्ण कराए जा रहे प्रोजेक्ट
जिला पर्यटन अधिकारी मनीष सिंह ने बताया कि पर्यटन सुविधाओं के विकास का काम खितौसा के शिव मंदिर, बिथरी के सिरोही मंदिर में, बड़ा बाग हनुमान मंदिर में, आंवला की लिलौर झील, अहिच्छत्र, सिसैया के शिव मंदिर, पहलऊनाथ शिव मंदिर आदि में भी कार्य चल रहा है। सभी प्रोजेक्ट को डेटलाइन के अनुसार पूर्ण कराया जा रहा है।

