
मिशन शक्ति केंद्र के निरीक्षण में खामियां मिलने पर चेतावनी
Bareily News - बरेली में एडीजी रमित शर्मा ने मिशन शक्ति केंद्र का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई खामियां मिलीं। इसके बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मिशन शक्ति की समीक्षा की और कोतवाली के स्टाफ को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कैंट और प्रेमनगर के स्टाफ को दोबारा ट्रेनिंग कराने के निर्देश दिए।
बरेली। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा ने शुक्रवार को कोतवाली के मिशन शक्ति केंद्र का औचक निरीक्षण किया, जिसमें तमाम खामियां मिलीं। इसके बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से मिशन शक्ति की समीक्षा कर कोतवाली के स्टाफ को कठोर चेतावनी दी और कैंट व प्रेमनगर के स्टाफ की दोबारा ट्रेनिंग के निर्देश दिए। शुक्रवार शाम अचानक कोतवाली पहुंचे एडीजी रमित शर्मा ने मिशन शक्ति केन्द्र के रजिस्टरों का अवलोकन किया और वहां आने वाली शिकायतों की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्हें वहां तमाम खामियां मिलीं, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई और एसएसपी अनुराग आर्य को मिशन शक्ति के कार्यों की समीक्षा के निर्देश दिए।
एडीजी ने कहा कि हर शिकायत रजिस्टर में दर्ज की जाए और उसका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो। उच्च अधिकारी निस्तारित मामलों में पीड़ित को फोन करके स्वयं फीडबैक भी लें। इस दौरान एसपी सिटी मानुष पारीक और सीओ प्रथम आशुतोष शिवम भी मौजूद रहे। -- मीटिंग में एसएसपी ने लगाई कड़ी फटकार एडीजी के निरीक्षण के बाद एसएसपी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये मिशन शक्ति अभियान की समीक्षा की। इसमें जनपद के अफसरों के अलावा सभी थाना प्रभारी एवं मिशन शक्ति केन्द्र का स्टाफ शामिल रहा। कोतवाली में मिली खामियों पर नाराजगी जताते हुए एसएसपी वहां के मिशन शक्ति स्टाफ को कठोर चेतावनी दी। कैंट और प्रेमनगर का मिशन शक्ति स्टाफ एसएसपी के सवालों का जवाब नहीं दे सका, जिस पर सभी की अग्रिम आदेश तक दोबारा ट्रेनिंग कराने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण हेतु समर्पित है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही, देरी, उदासीनता या संवेदनहीनता मिली तो कठोर कार्रवाई होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




