
बरेली कॉलेज ने नैक मूल्यांकन के लिए शुरू की तैयारियां
Bareily News - बरेली कॉलेज ने नैक मूल्यांकन के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्राचार्य प्रो. ओपी राय ने निर्देश दिए हैं कि सभी आवश्यक कार्रवाई समय पर की जाए। महाविद्यालय ने यूजीसी का अनुदान 19 जनवरी तक वापस करने की तैयारी कर ली है। कॉलेज प्रशासन को उम्मीद है कि धनराशि लौटाने के बाद उन्हें फिर से अनुदान मिलेगा।
बरेली कॉलेज ने नैक मूल्यांकन के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रबंध समिति के सचिव से मिले निर्देशों के क्रम में प्राचार्य ने नैक मूल्यांकन के लिए बनाई समितियों से सभी तैयारियां व आवश्यक कार्रवाई समय से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। महाविद्यालय ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) का अनुदान वापसी की भी तैयारी कर ली है। 19 जनवरी तक महाविद्यालय यूजीसी को शेष ग्रांट चेक के माध्यम से वापस कर देगा। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ओपी राय ने बताया कि प्रबंध समिति के सचिव देवमूर्ति के निर्देश पर नैक मूल्यांकन कार्य अब तेजी से होगा। वर्ष 2014-15 में अनुदान के रूप में महाविद्यालय को मिले 19 लाख रुपये का हिसाब नहीं देने पर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने बरेली कॉलेज को नोटिस जारी कर ब्याज सहित रकम लौटाने का आदेश दिया था।
यूजीसी ने वर्ष 2022, 2023 और फिर 18 अप्रैल 2024 को बरेली कॉलेज को नोटिस जारी कर अर्जित ब्याज के साथ अनुदान की धनराशि के खर्च का विस्तृत ब्योरा बैंक प्रमाणपत्र के साथ देने के निर्देश दिए थे। प्राचार्य ने बताया कि सीए से रिपोर्ट तैयार कराकर यूजीसी को भेज दी गई थी। अब यूजीसी को धनराशि वापसी की तैयारी पूरी कर ली गई है। 19 जनवरी तक चेक के माध्यम से यूजीसी को धनराशि वापस कर दी जाएगी। कॉलेज प्रशासन को उम्मीद है कि धनराशि लौटाने के बाद यूजीसी से उन्हें फिर अनुदान मिलना शुरू हो जाएगा। इससे शोध परियोजनाओं, सेमिनारों और अन्य महत्वपूर्ण शैक्षिक गतिविधियां महाविद्यालय में बढ़ेंगी। ------ बरेली कॉलेज प्राचार्य का प्रोबेशन समाप्त, प्रबंध समिति ने किया नियमित बरेली। 21 अप्रैल 2022 को कई वर्षों के बाद बरेली कॉलेज को आयोग द्वारा स्थायी प्राचार्य की सौगात दी गई थी। जिम्मेदारी मिलने के बाद से प्रोबेशन कार्यकाल में कार्यरत प्राचार्य प्रो. ओपी राय को बरेली कॉलेज प्रबंध समिति के सचिव देवमूर्ति ने नियमित करने का पत्र सौंपा। उन्होंने प्राचार्य का प्रोबेशन कार्यकाल समाप्त करते हुए नियमित करने के साथ उन्हें महाविद्यालय के शैक्षणिक माहौल को दुरुस्त करने के साथ महाविद्यालय को और ऊंचाईयों तक ले जाने में हर संभव प्रयास करने को कहा है। बुधवार को पत्र प्राप्त होने के बाद शिक्षक व कर्मचारियों ने उन्हें बधाई दी। ----- गणतंत्र दिवस को लेकर की बैठक बरेली। बरेली कॉलेज में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के आयोजन को लेकर सेमिनार हाल में प्राचार्य प्रो.ओपी राय की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में उन्होंने गणतंत्र दिवस पर होने वाले आयोजन समेत अन्य कार्यक्रमों की जानकारी लेने के बाद आवश्यक निर्देश शिक्षकों व सांस्कृतिक समन्वयक समिति के पदाधिकारियों को दिए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




