
फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनवाने से किया मना तो हिस्ट्रीशीटर ने की मारपीट
संक्षेप: Bareily News - फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनवाने से मना करने पर सफाई नायक हेमंत कुमार के साथ मारपीट की गई। घटना 7 नवंबर को जन्म मृत्यु कार्यालय में हुई, जहां हिस्ट्रीशीटर काशीनाथ और उसके बेटे सहित अन्य आरोपियों ने हेमंत पर हमला किया। पीड़ित का दावा है कि पूरी घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई है।
फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनवाने से मना करने पर सफाई नायक के साथ मारपीट की। इस मामले में हिस्ट्रीशीटर काशीनाथ समेत पांच नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। यह घटना जन्म मृत्यु कार्यालय में हुई है। वहीं पीड़ित ने पूरी घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड होने का दावा किया है। आंवला के घेर अन्नू खां निकट स्टेट बैंक निवासी सफाई नायक हेमंत कुमार के मुताबिक घटना सात नवंबर दोपहर की है। हेमंत के मुताबिक वह सरकारी कार्य से जन्म मृत्यु कार्यालय में गए थे। वहां पर सिगरेट गोदाम वाली गली नेकपुर निवासी हिस्ट्रीशीटर काशीनाथ का बेटा सत्यार्थ प्रताप सिंह व उसका भतीजा आया था।

आरोपी सत्यार्थ ने फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनवाने को कहा। इस बात से इंकार करने पर आरोपियों ने गाली गलौज कर धमकाना शुरू कर दिया। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कराकर मामले को शांत करा दिया। इसके कुछ समय बाद दोपहर करीब ढाई बजे आरोपी अभिषेक भारद्वाज और हिस्ट्रीशीटर काशीनाथ ने फोन कर जन्म-मृत्यु कार्यालय के बाहर बुलाया। आरोप है कि वहां पहुंचते ही आरोपी सत्यार्थ प्रताप सिंह, काशीनाथ, अमित, अभिषेक भारद्वाज, काशीनाथ का भतीजा समेत अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। हेलमेट से पीटा, पीड़ित के गले की चेन कहीं गिर गई। वहीं आरोपियों ने जेब में रखे 6500 रुपये, व आधार कार्ड, पैन कार्ड और जरूरी दस्तावेज लूट लिए। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




