
बाढ़खंड का सींचपाल दस हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
Bareily News - मीरगंज में एंटी करप्शन टीम ने एक सींचपाल को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने सिंचाई परियोजना में अधिग्रहित भूमि के मुआवजे के लिए रजिस्ट्री कराने के लिए रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने पर टीम ने कार्रवाई की और आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
मीरगंज। एंटी करप्शन की टीम ने शुक्रवार को कारोबारी से दस हजार रुपये की रिश्वत ले रहे बाढ़खंड के सींचपाल को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। सींचपाल को सिंचाई परियोजना में अधिग्रहित जमीन के मुआवजे के लिए रजिस्ट्री कराने के दौरान पकड़ा गया। उसके खिलाफ एंटी करप्शन के इंस्पेक्टर ने सीबीगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बरेली में बड़ा डाकखाना पर साल्वेशन आर्मी रोड पर फ्रेंड्स अपार्टमेंट निवासी दिलीप अग्रवाल की बेटी के नाम पर मीरगंज तहसील में करीब पांच बीघा जमीन है, जो दो टुकड़ों में है। यह जमीन बरेली-बदायूं सिंचाई परियोजना के लिए अधिग्रहित कर ली गई लेकिन रजिस्ट्री न होने से उन्हें मुआवजा नहीं मिल सका।

इसके लिए दिलीप अग्रवाल ने बैनामे की प्रक्रिया के लिए बरेली सिविल लाइंस स्थित सिंचाई विभाग कार्यालय में तैनात सींचपाल ऋषि कुमार सिंह से संपर्क किया तो उसने जमीन के छोटे टुकड़े के दस हजार और बड़े टुकड़े के लिए 90 हजार रुपये की मांग की। बिना रिश्वत काम न होने पर दिलीप ने एंटी करप्शन में शिकायत कर दी। शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे ऋषिपाल उनकी जमीन के छोटे टुकड़े की राज्यपाल के नाम पर रजिस्ट्री कराने मीरगंज तहसील पहुंचा। इसके बदले उसने तहसील रोड पर एसबीआई एटीएम के पास दिलीप से दस हजार रुपये की रिश्वत ली तो इंस्पेक्टर इश्तियाक वारसी के नेतृत्व में पहुंची एंटी करप्शन की टीम ने उसे दबोच लिया। ऋषिपाल को टीम वहां से थाना सीबीगंज लेकर पहुंची और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई। वह मूलरूप से बदायूं का निवासी है और सुभाषनगर के करगैना में बांके बिहारी कॉलोनी में रहता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


