आईवीआरआई में प्रशिक्षण ले रहे मेघालय और सिक्किम के पशु चिकित्साधिकारी
Bareily News - आईवीआरआई में सोमवार से पशु चिकित्सकों के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया।

बरेली। आईवीआरआई के शल्य चिकित्सा विभाग में सोमवार से मेघालय एवं सिक्किम राज्यों के पशु चिकित्सा अधिकारियों के लिए उन्नत निदान तकनीकों, पशु शल्य चिकित्सा और डायग्नोस्टिक इमेजिंग पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसका उद्देश्य पशु चिकित्साधिकारियों को बुनियादी एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना है, जिससे वे अपने कार्यक्षेत्र में आधुनिक निदान तकनीकों का प्रभावी उपयोग कर सकें। इस अवसर पर प्रशिक्षण से संबंधित एक संदर्भ संकलन (कंपेंडियम) का भी विमोचन किया गया। संयुक्त निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. रूपसी तिवारी ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम पशु चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने के साथ-साथ अधिकारियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होते हैं।
शल्य चिकित्सा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. किरनजीत सिंह ने बताया कि इस पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को उन्नत निदान तकनीकों, पशु शल्य चिकित्सा एवं डायग्नोस्टिक इमेजिंग के सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक दोनों पहलुओं से अवगत कराया जाएगा। पाठ्यक्रम समन्वयक डॉ. एसी. सक्सेना ने बताया कि यह नेटवर्क कार्यक्रम वर्ष 2015 से निरंतर संचालित हो रहा है। इसके अंतर्गत देश में कुल पांच केंद्र कार्यरत हैं, जिनमें आईवीआरआई अग्रणी केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है। इस अवसर पर डॉ. रेखा पाठक, डॉ. अश्वत्थी गोपीनाथन, डॉ. रोहित कुमार आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




