इंस्पायर अवार्ड में जिले के 130 बच्चों का चयन, प्रदेश में 13वीं रैंक
- 1037 विद्यालयों से 5093 विद्यार्थियों ने किया था रजिस्ट्रेशन, मंडल में बरेली का पहला स्थान

बरेली, वरिष्ठ संवाददाता। इंस्पायर अवार्ड के लिए जिले के 130 बच्चों का चयन हुआ है। सत्र 2025-26 के लिए चयनित बच्चों की सूची जारी की गई है। बरेली की इसमें प्रदेश में 13वीं रैंक व मंडल में प्रथम स्थान है। सरकारी से लेकर निजी स्कूलों में बच्चों को नवाचार से जोड़ने को लेकर इंस्पायर अवार्ड प्रतियोगिता होती है। इसमें बच्चे अपने आइडिया का रजिस्ट्रेशन करते हैं। बेहतर आइडिया वाले का चयन किया जाता है। चयनित आइडिया पर काम करने को लेकर बच्चों को राशि दी जाती है। 10-10 हजार रुपये बच्चों को अपने आइडिया पर काम करने को लेकर दिया जाता है।
इसके बाद उस प्रोजेक्ट को विभाग की वेबसाइट पर अपलोड करना होता है। जिला इंस्पायर अवार्ड 2025-26 के लिए जिले के 1037 स्कूलों के 5093 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से 130 का चयन हुआ है। इंस्पायर अवार्ड मानक के जिला नोडल अधिकारी डॉ. सुभाष चंद्र मौर्य ने सभी चयनित विद्यार्थियों, उनके प्रधानाचार्य व मेंटोर को शुभकामनाएं देते हुए जिला लेवल एग्जीबिशन के लिए तैयारी करने को कहा है। उन्होंने बताया कि जिले के राजकीय विद्यालयों में एक मात्र राजकीय हाई स्कूल ताल गोटिया के तीन छात्रों का चयन इंस्पायर अवार्ड मानक में है। तीन छात्रों में से विद्यालय प्रधानाचार्य के बेटे का भी नाम शामिल है। वहीं बदायूं के 107 छात्रों के चयन संग प्रदेश में 27वीं रैंक, शाहजहांपुर के 95 छात्रों के चयन संग प्रदेश में 34वीं रैंक व पीलीभीत के 80 छात्रों के चयन संग प्रदेश में 45वीं रैंक हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


