नौवीं की छात्रा से ट्यूशन टीचर ने की अश्लील हरकतें, वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग, गिरफ्तार

Yogesh Yadav फरीदपुर (बरेली) हिन्दुस्तान
share

Bareilly News: बरेली के फरीदपुर में कक्षा नौ की छात्रा से अश्लील हरकत करने और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले ट्यूशन टीचर नीलेश गुर्जर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पूर्व में भी छेड़छाड़ के आरोप में स्कूल से निकाला जा चुका है।

नौवीं की छात्रा से ट्यूशन टीचर ने की अश्लील हरकतें, वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग, गिरफ्तार

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र में एक कलयुगी शिक्षक की करतूत ने गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर दिया है। कक्षा नौ की एक 15 वर्षीय छात्रा को ट्यूशन पढ़ाने के बहाने बुलाकर आरोपी शिक्षक ने न केवल उसके साथ अश्लील हरकतें कीं, बल्कि उसका वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करना भी शुरू कर दिया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरीदपुर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी गोपालपुर गांव के निवासी नीलेश गुर्जर से ट्यूशन पढ़ने जाती थी। आरोप है कि 14 मार्च को जब छात्रा ट्यूशन पढ़ने पहुंची, तो नीलेश ने एकांत का फायदा उठाकर उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। इस दौरान आरोपी ने मोबाइल से छात्रा का आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया।

Voice of UP

सहमी छात्रा ने ट्यूशन जाना छोड़ा

इस घटना से बुरी तरह सहमी छात्रा ने ट्यूशन जाना बंद कर दिया। छात्रा के न आने पर आरोपी शिक्षक ने उसे वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। डरी-सहमी छात्रा कई दिनों तक खामोश रही, लेकिन जब आरोपी ने हदें पार करते हुए एक बच्चे के हाथ छात्रा के घर अश्लील सामग्री भिजवाई, तो छात्रा फूट-फूटकर रोने लगी। परिजनों के पूछने पर उसने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद हड़कंप मच गया।

पुराना अपराधी है आरोपी शिक्षक

परिजनों ने बताया कि नीलेश गुर्जर का आचरण पहले से ही संदिग्ध रहा है। वह रामगंगा कटरी क्षेत्र के एक कॉलेज में पढ़ाई करता था, जहां उसने कई अन्य छात्राओं के साथ भी छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें की थीं। उस समय छात्राओं की शिकायत पर स्कूल प्रबंधन ने उसे कॉलेज से निष्कासित कर दिया था। स्कूल से निकाले जाने के बाद उसने घर पर ही ट्यूशन पढ़ाना शुरू कर दिया और फिर से मासूम बच्चियों को अपना निशाना बनाने लगा।

छात्राओं की पढ़ाई पर मंडराया खतरा

इस घटना का सबसे बुरा असर क्षेत्र की महिला शिक्षा पर पड़ा है। फरीदपुर के रामगंगा कटरी इलाके में ग्रामीण अपनी बेटियों को अमूमन कक्षा आठ के बाद स्कूल नहीं भेजते थे। हाल के वर्षों में जागरूकता बढ़ने पर अभिभावकों ने बेटियों को कॉलेज भेजना शुरू किया था। गणित और अंग्रेजी जैसे कठिन विषयों की तैयारी के लिए बच्चियां कोचिंग का सहारा ले रही थीं, लेकिन इस घटना ने अभिभावकों के मन में गहरा डर पैदा कर दिया है। आरोपी की इस घिनौनी हरकत के बाद कई छात्राओं की कोचिंग छूट गई है और उनकी शिक्षा पर फिर से संकट के बादल मंडराने लगे हैं।

फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि आरोपी नीलेश गुर्जर के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या उसने अन्य छात्राओं को भी अपना शिकार बनाया है।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।