
बहुत जल्द चमचमाएंगी नगर की सड़कें
Barabanki News - रामसनेही घाट नगर पंचायत में युवाओं के लिए खेल सुविधाओं और अन्य ढांचागत कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जारी की गई है। बूढ़े हनुमान जी मंदिर परिसर में टीन शेड का निर्माण होगा। मिनी स्टेडियम में सुधार और दलसिंहपुर वार्ड में इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण भी शामिल है।
रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। स्थानीय नगर पंचायत में बहुत जल्द युवाओं के लिए खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सड़कों के निर्माण से लेकर कई ढांचागत कार्य कराए जाएंगे। धार्मिक स्थलों का भी सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। नगर पंचायत केविकास को नई रफ्तार देने के लिए शासन ने नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. ज्ञान प्रकाश यादव के प्रस्ताव पर एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जारी कर दी है। बूढ़े हनुमान जी मंदिर परिसर में टीन शेड का निर्माण: नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी संतोष चौधरी ने बताया कि सुमेरगंज कस्बा स्थित बूढ़े हनुमान जी मंदिर पर 58.27 लाख रुपये की लागत से टीन शेड निर्माण को मंजूरी दी गई है।

शेड तैयार होने से श्रद्धालुओं को धूप और बारिश से बड़ी राहत मिलेगी। मिनी स्टेडियम में सुधार और नई सुविधाएं: मिनी स्टेडियम में रंगाई-पुताई, मिट्टी भराई और अप्रोच सीसी मार्ग निर्माण के लिए 12.60 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। इससे खेल प्रेमियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और खेल गतिविधियों की गुणवत्ता में सुधार आएगा। रैन बसेरे में स्लैब व सीढ़ी निर्माण: रामसनेहीघाट बाबा की समाधि के निकट बने रैन बसेरे की निकली भूमि पर स्लैब व सीढ़ी निर्माण के लिए 16.48 लाख रुपये जारी किए गए हैं। इससे रात्रि विश्राम सुविधा उपयोगकर्ताओं के लिए सुरक्षा और सुगमता सुनिश्चित होगी। दलसिंहपुर वार्ड में इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण: दलसिंहपुर वार्ड में 12.67 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग सड़क बनाई जाएगी। सड़क निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और क्षेत्र की पुरानी समस्या का समाधान होगा। नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. ज्ञान प्रकाश यादव ने बताया कि सभी कार्यों के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। कार्यालय वरिष्ठ लिपिक मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि शीघ्र ही इन कामों की शुरुआती प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




