घर से बुलाकर ले गए युवक की चाकू से गोदकर हत्या, गेहूं के खेत में मिला शव

Mar 07, 2026 02:43 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बाराबंकी
share

Barabanki News - बाराबंकी के मदनपुर गांव में एक युवक मिथुन रावत (22) की चाकू से हत्या कर दी गई। उसका शव कुर्सी-ईंटोचा मार्ग पर गेहूं के खेत में मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। मृतक के परिवार ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी, और हत्या के पीछे गांव के दूसरे समुदाय के लोगों से विवाद की आशंका जताई जा रही है।

घर से बुलाकर ले गए युवक की चाकू से गोदकर हत्या, गेहूं के खेत में मिला शव
बाराबंकी,संवाददाता। कुर्सी कोतवाली क्षेत्र के मदनपुर गांव में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार देर शाम करीब 10 बजे कुर्सी-ईंटोचा मार्ग के पास गेहूं के खेत में उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के सीने और गर्दन पर चाकू से कई वार किए गए थे। घटना की सूचना मिलते ही कुर्सी पुलिस के साथ लखनऊ और बाराबंकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। मृतक की शिनाख्त क्षेत्र के श्रीराम पुरवा निवासी मिथुन रावत (22) पुत्र छविनाथ के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9 बजे गांव के ही कुछ युवक मिथुन को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद वह देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। देर रात तक मिथुन के वापस न लौटने पर परिवार के लोग परेशान हो गए और उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह परिजन कुर्सी थाने पहुंचे और युवक के लापता होने की सूचना देते हुए गुमशुदगी दर्ज कराई।

पुलिस ने बताया कि परिजन थाने से वापस लौट रहे थे कि उन्हें सूचना मिली कि कुर्सी ईंटोचा मार्ग के पास गेंहूं के खेत में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने शव की शिनाख्त मिथुन रावत के रूप में की। उसके शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे। जिनमें सीने और गर्दन पर गहरे घाव मिले हैं।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। बताया जा रहा है कि गांव के दूसरे समुदाय के लोगों से मिथुन का विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को खेत में फेंक दिया गया। हत्या की घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस एहतियात के तौर पर गांव में निगरानी बनाए हुए है और पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।