Barabanki News: छात्राओं ने पूछे सपनों से जुड़े सवाल, आईएएस ने बताए सफलता के रास्ते
Barabanki News: बाराबंकी में पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में मेजर ध्यानचंद जयंती के उपलक्ष्य में युवाओं से संवाद और प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षु आईएएस दिव्यांशु शेखर ने छात्राओं को लक्ष्य निर्धारण और मेहनत की अहमियत बताई। जिला विद्यालय निरीक्षक अमिता सिंह ने भी सकारात्मक सोच और करियर के चुनाव की सलाह दी।

Barabanki News: बाराबंकी। पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नगर में सोमवार को मेजर ध्यानचंद जयंती के उपलक्ष्य में युवाओं से संवाद एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईएएस दिव्यांशु शेखर और जिला विद्यालय निरीक्षक अमिता सिंह ने छात्राओं से संवाद कर उन्हें लक्ष्य निर्धारित करने और उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
आईएएस ने साझा किया संघर्ष और सफलता का सफर
कार्यक्रम में आईएएस दिव्यांशु शेखर ने छात्राओं के साथ अपने आईएएस बनने की यात्रा और संघर्ष की कहानी साझा की। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए लक्ष्य के प्रति समर्पण, आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर परिश्रम जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए पूरी लगन से प्रयास करने का संदेश दिया। इसके बाद छात्राओं ने आईएएस से अपने भविष्य और करियर को लेकर सवाल पूछे। छात्रा अमीना ने प्रोफेसर बनने के लिए मार्गदर्शन मांगा। हुदा ने शिक्षक और स्नेहा ने एसएचओ बनने की तैयारी के संबंध में जानकारी ली। कई अन्य छात्राओं ने वकालत सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए जरूरी पढ़ाई और तैयारी को लेकर सवाल पूछे।
पहले पढ़ाई मजबूत करें, फिर चुनें करियर
दिव्यांशु शेखर ने छात्राओं को सलाह दी कि सबसे पहले कक्षा 12 की पढ़ाई को पूरी लगन और अच्छे ढंग से पूरा करें। इसके बाद अपनी रुचि, क्षमता और योग्यता के अनुसार करियर का क्षेत्र चुनें। उन्होंने कहा कि लक्ष्य तय करने के बाद नियमित मेहनत और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाकर सफलता हासिल की जा सकती है। जिला विद्यालय निरीक्षक अमिता सिंह ने भी छात्राओं को जीवन में सही दिशा चुनने, मेहनत करने और सकारात्मक सोच बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने अपने सफलता के अनुभव छात्राओं के साथ साझा किए और उन्हें लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। दोनों अतिथियों ने छात्राओं के प्रश्नों का जवाब देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका दीपशिखा त्रिपाठी ने किया.


