गेहूं की बोरी चोरी करने के आरोप में युवक को पेड़ से बांधकर पीटा
Barabanki News - उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के कोठी थाना क्षेत्र में बुधनाई चौराहे के पास एक युवक को गेहूं की चोरी करते हुए पकड़ा गया। स्थानीय लोगों ने उसे पेड़ से बांधकर पीटा। सूचना पर पुलिस ने उसे छुड़ाकर थाने ले गई। आरोपी की मानसिक स्थिति संदिग्ध बताई जा रही है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नीरज शुक्ला /बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के कोठी थाना क्षेत्र के बुधनाई चौराहे के समीप गेहूं खरीद बाड़ा से मंगलवार की सुबह एक बोरी गेहूं चोरी के आरोप में स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया। उसे रस्सी से पेड़ में बांधकर पीटा। सूचना पर पहुंची कोठी पुलिस ने चोर को किसी तरह छुड़ाकर थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक आरोप से संबंधित तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है। कोठी थाना क्षेत्र के हैदरगढ़ बाराबंकी मार्ग स्थित बुधनाई चौराहे के निवासी अमन पुत्र अशोक कुमार द्वारा स्थानीय किसानों से सीजन में गेहूं की खरीद होती है।
पिछले कई दिनों से खरीदे गए गेहूं की दर्जनों बोरियां टीनशेड के नीचे रखी हैं। मंगलवार की सुबह एक आरोपी चोर रिक्शे को लेकर टीन शेड के पास पहंुचा। आरोप है कि वह गेहूं की एक बोरी लादते हुए पाया गया। स्थानीय लोगों ने यह हरकत देखकर मलिक को आवाज लगाई।मौके पर पहंुचे घर वाले और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उससे गेहूं उठाने का कारण पूछा तो वह कुछ बोल नहीं पाया और पूछताछ करने पर वह भागने की कोशिश करने लगा। तभी चौराहे के पास के लोगों ने घेरकर उसे पकड़ लिया। चोर पकड़े जाने की सूचना मिलते ही वहां पर भीड़ एकत्र होने लगी। लोगों ने एकराय होकर उसे पेड़ में रस्सी से बांध दिया। इस दौरान लोगों ने उसकी लात-घूसों से पिटाई भी कर दी।इसकी सूचना पर पहुंची कोठी पुलिस ने आरोपी चोर को लोगों के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गई। मामले की जांच कर रही है। बताया जाता है कि आरोपी चोर असंद्रा थाना क्षेत्र के किसी गांव का है। कोठी थाने से संबंद्ध पुलिस चौकी कैसरगंज के प्रभारी शैलेंद्र कुमार के मुताबिक आरोपी चोर को हिरासत में लिया गया है। आरोप से संबंधित कोई तहरीर नहीं मिली है। उसके विरुद्ध शांतिभंग की कार्रवाई कर एसडीएम हैदरगढ़ न्यायालय में पेश किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में आरोपी चोर को मंदबुद्धि बताया जा रहा है। फिलहाल इस संबंध में आरोप से संबंधित तहरीर नहीं मिली है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


