
योगी सरकार में गाय को देखकर कसाई कांपता है: धर्मपाल
Barabanki News - बाराबंकी में मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि योगी सरकार और समाजवादी पार्टी के समय में गायों की सुरक्षा में बड़ा अंतर है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पशुपालन योजनाओं को किसानों तक पहुंचाएं और ठंड से मवेशियों की सुरक्षा के लिए उचित उपाय करें। निरीक्षण के दौरान कई अव्यवस्थाओं पर नाराजगी भी जताई।
बाराबंकी। पशुधन एवं दुग्ध विकास तथाा राजनैतिक पेंशन मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि योगी सरकार में और समाजवादी पार्टी में जमीन आसमान का अंतर है। जब मुख्यमंत्री अखिलेश यादव थे तब गाय कसाई को देखकर कांपती थी, अब योगी सरकार में गाय को देखकर कसाई कांपता है, इतना अंतर है। प्रदेश सरकार देशी गायों के संरक्षण पर कार्य कर रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए पशुपालन विभाग की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाएं। जिससे किसान पशुपालन का कार्य करें और आय बढ़ाएं। कैबिनेट मंत्री श्री सिंह गुरुवार को लोकसभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में यह बातें पत्रकारों से कही। उन्होंने कहा कि ठण्ड से मवेशियों को बचाने के लिए टाट की बोरियों और अलाव की व्यवस्था करें।

गो आश्रय स्थलों पर समय समय पर जांच करते रहे। सत्यापन में कोई लापरवाही मिले तो कार्रवाई करें। उसके बाद वह जहांगीराबाद स्थित चक गंजरिया फार्म निरीक्षण करने पहुंचे। ग्राम पंचायत मोहिउद्दीनपुर स्थित वृहद गौ संरक्षण केंद्र में व्याप्त अव्यवस्थाएं देखकर नाराजगी जताई। मंत्री ने सबसे पहले गायों को गुड़-चना खिलाया और ठंड में पशुओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक वार्ड, कंपोजिट पिट, पौध रोपण आदि व्यवस्थाएं देखीं। मंत्री ने केयरटेकर अखिलेश से वेतन व कार्यप्रणाली की जानकारी ली और उन्हें मेहनत से कार्य करने की हिदायत दी। गौशाला के रजिस्टरों की जांच में पाया गया कि दो पशु मृत हैं लेकिन उनकी एंट्री नहीं की गई थी। इस पर मंत्री ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संख्या स्पष्ट दर्ज करने और मृत पशुओं को गहराई में दफनाने के निर्देश दिए। ग्राम प्रधान द्वारा गौशाला की बाउंड्री बनाने का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर मंत्री ने जल्द व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद मंत्री धर्मपाल सिंह चकगंजरिया फार्म पहुंचे और पशुओं की संख्या, दुग्ध उत्पादन एवं बिक्री की जानकारी मांगी। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्होंने डॉ. एके चौरसिया को फटकार लगाई और नाराज होकर उनके कार्यालय में पानी पीने से भी मना कर दिया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने स्टाफ अटेंडेंस रजिस्टर और दुग्ध उत्पादन रजिस्टर की जांच की। जब वे गायों के शेड में पहुंचे तो चरही में सूखा भूसा देखकर नाराज हुए। डॉ. चौरसिया ने बताया कि गायों को यही दिया जाता है, जिस पर मंत्री ने हरे चारे की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने शेड में फैली गंदगी पर सफाई के निर्देश भी दिए। मंत्री ने आगे बटेर हाउस, कुक्कुट पालन यूनिट और हैचरी का भी निरीक्षण किया। इस दौरान डॉ. संतोष ने बताया कि 240 पशुओं में भ्रूण प्रत्यारोपण किया गया है, जिससे दुग्ध उत्पादन में वृद्धि हुई है। मौके पर सीवीओ, बीडीओ संस्कृता मिश्रा, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुधीर, डॉ. पंकज वर्मा व राहुल मौजूद रहे। अधिकारियों के साथ की बैठक: मंत्री ने गोआश्रय के संबंध में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जरूरी निर्देश दिए। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, एसडी अर्पित विजयवर्गीय, सीडीओ अ. सुदन, सीवीओ डॉ. अतुल कुमार अवस्थी समेत सभी बीडीओ मौजूद रहे। एसडीएम को निर्देशित किया कि समस्त गोचर भूमि, एलएमसी, शत्रु सम्पत्ति को कब्जा मुक्त कराकर हरे चारे की बुवाई कराएं। घूम रहे छुट्टा मवेशियों को पकड़कर गो आश्रय स्थलों में संरक्षित करें। बछड़ों का बधियाकरण कराए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




