उधार के 40 हजार रुपये वापस मांगने पर महिला का तोड़ा दांत, बेटे को पीटा
Barabanki News - उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक महिला को उधार के पैसे वापस मांगने पर विपक्षियों ने मारपीट का शिकार बना दिया। इस हमले में महिला का दांत टूट गया और उसका बेटा भी घायल हो गया। पुलिस ने शुरुआती तौर पर कोई कार्रवाई नहीं की, लेकिन कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज किया गया है।

मनोज सिंह/बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सेवंगी मजरे हैदरगंज में उधार के रुपए वापस मांगने पर विपक्षी ने महिला के साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान महिला का एक दांत टूट गया। जबकि बेटा घायल हो गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो कोर्ट में गुहार लगाई। कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़िता संगीता देवी का आरोप है कि गांव के ही रिंकू और उसके परिजनों ने बीमारी का बहाना बनाकर उनके पुत्र अतुल से करीब 40 हजार रुपये उधार लिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब पैसा वापस नहीं किया गया, तो 9 फरवरी की शाम संगीता और उनका बेटा रुपये मांगने आरोपी के घर पहुंचे।
इसी बात को लेकर आरोपियों ने संगीता और उनके बेटे पर हमला कर दिया।आरोप है कि लाठी-डंडों और लोहे के पाइप से पिटाई करने की वजह से संगीता गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनके दांत टूट गए। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों के आने पर आरोपी जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए फरार हो गए।पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। बाद में जिला अस्पताल में इलाज और मेडिकल परीक्षण कराया गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उल्टा उनके बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया, जबकि उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसे उन्होंने क्रॉस केस बताते हुए पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाया है। पीड़िता ने कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


