दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पत्नी को फोन पर दिया तीन तलाक

Jan 23, 2026 04:52 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बाराबंकी
share Share
Follow Us on

Barabanki News - बाराबंकी जिले की एक विवाहिता ने दहेज के लिए उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कहा कि पति ने फोन पर तीन तलाक दे दिया। शादी के बाद पति ने सऊदी अरब में दहेज की मांग की। जब परिवार ने विरोध किया, तो ससुराल पक्ष ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पत्नी को फोन पर दिया तीन तलाक

बाराबंकी। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र की निवासी एक विवाहिता ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिए उत्पीड़न किये जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बताया कि जब उसने फोन पर अपने पति से बात की तो उसने तीन तलाक दे दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मझपुरवा निवासी तहसीन की शादी 11 मई 2023 को मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार मो. अहमद पुत्र गुलाम दस्तगीर निवासी ग्राम बसारा थाना फतेहपुर के साथ हुई थी। विवाह का पंजीकरण 22 मई 2023 को नवाबगंज स्थित उपनिबंधक कार्यालय में कराया गया था। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद उसके पति एक दुर्घटना में घायल हो गए, जिनका इलाज उसके पिता ने अपने खर्चे पर कराया।

इसके बाद पति को रोज़गार के लिए सऊदी अरब भेजने के लिए दो लाख रुपये नगद भी दिए गए। पति ने आश्वासन दिया था कि विदेश से लौटने के बाद पीड़िता को रुखसत कराकर ससुराल ले जाएगा। पीड़िता के अनुसार, सऊदी अरब जाने के बाद पति ने फोन पर दहेज में मोटरसाइकिल और 50 हजार रुपये की मांग शुरू कर दी और दहेज न मिलने पर रुखसत कराने से इनकार कर दिया। इस संबंध में जब पीड़िता के परिजनों ने ससुराल पक्ष से बात की तो टालमटोल किया जाता रहा। आरोप है कि 21 दिसंबर 2025 को ससुराल पक्ष के कई लोग पीड़िता के मायके पहुंचे, जहां दहेज की मांग को लेकर विवाद हुआ। पीड़िता के पिता द्वारा असमर्थता जताने पर विपक्षियों ने गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पीड़िता का आरोप है कि जाते समय ससुराल पक्ष ने धमकी दी कि बिना दहेज के यदि वह ससुराल आई तो उसकी जान ले ली जाएगी। इसके बाद पीड़िता ने अपने पति से फोन पर न्याय की गुहार लगाई। आरोप है कि पति ने फोन पर ही उसे तीन तलाक दे दिया। घटना से आहत पीड़िता ने थाना जहांगीराबाद में तहरीर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;
;