एसआईआर में तेजी लाने को बीएलओ को दिया प्रशिक्षण
Barabanki News - रामसनेहीघाट में दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र के विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के दूसरे चरण में प्रशासन ने प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। एसडीएम अनुराग सिंह ने 478 बूथ बीएलओ और अन्य अधिकारियों को 18,000 छूटे मतदाताओं के नोटिस जारी करने और उनकी सुनवाई के लिए निर्देश दिए। उन्होंने समयबद्ध और त्रुटिरहित कार्य पर जोर दिया।

रामसनेहीघाट। दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विशेष मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान के द्वितीय चरण के तहत सोमवार को प्रशासन ने तैयारियों को और धार दी। मुख्यालय स्थित जेबीएस सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में एसडीएम अनुराग सिंह ने सभी 478 बूथ बीएलओ के साथ-साथ नामित एक दर्जन अधिकारियों को मैपिंग से छूटे 18 हजार मतदाताओं को नोटिस जारी करने एवं उनकी सुनवाई के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए। एसडीएम ने कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। प्रशिक्षण के दौरान एसडीएम श्री सिंह ने कहा कि जिन मतदाताओं की मैपिंग किसी कारणवश नहीं हो पाई है, उन्हें तत्काल नोटिस जारी कर आवश्यक अभिलेखों के साथ मैपिंग प्रक्रिया पूरी कराई जाए।
छूटे हुए मतदाता अपने संबंधित ब्लॉक मुख्यालय, नगर पंचायत मुख्यालय अथवा तहसील मुख्यालय पर नामित अधिकारियों से संपर्क कर अभिलेख प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने बीएलओ को यह भी निर्देशित किया कि जिन युवाओं की आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उनके नाम निर्धारित प्रारूप पर प्राप्त कर मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से जोड़े जाएं। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में यदि किसी का नाम, आयु या फोटो में त्रुटि है तो उसके सुधार के लिए संबंधित फार्म भरवाकर समय रहते संशोधन कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी मतदाता को असुविधा न हो। प्रशिक्षण कार्यक्रम में तहसीलदार एसएन उपाध्याय, नायब तहसीलदार उमेश द्विवेदी व सुधाकर पांडे, खंड विकास अधिकारी विनय मिश्रा, सिरौली गौसपुर, दरियाबाद व पूरे डलई के बीडीओ, स्थानीय नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी संतोष चौधरी सहित सभी नामित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



