पुरानी पुलिया तोड़ने से आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
Barabanki News - रामनगर में चौका घाट क्रासिंग से गणेशपुर जाने वाले मार्ग पर मथुरा पुरवा गांव के पास एक पुरानी पुलिया को जेसीबी मशीनों से तोड़ा गया। इससे ग्रामीण नाराज हुए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना है कि पुलिया हटाने से गांव में जलभराव की समस्या बढ़ जाएगी। तहसीलदार ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।

रामनगर। चौका घाट क्रासिंग से गणेशपुर जाने वाले मार्ग पर मथुरा पुरवा गांव के पास स्थित एक पुरानी पुलिया को जेसीबी मशीनों की मदद से तोड़ दिया गया। जिससे गांव वाले नाराज हुए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने कहा कि पुल बनाने वालों ने इसे तोड़ा है जब कि इस पुलिया से बरसात व बाढ़ के समय गांव को जलभराव से राहत मिलती थी। अब पुलिया हटाकर पायलिंग का काम शुरू किया गया है जिससे गांव में पानी भरेगा। रविवार को जैसे पुलिया तोड़ी गई वैसे ग्रामीण जमा हो गए और उनमें भय तथा चिंता का माहौल दिखाई दिया।
मथुरापुरवा गांव की विद्यावती, राजकुमारी, पूनम, राम कुमारी, गुड्डन, विनीता, अनीता, सीमा, सावित्री, रेखा और ग्रामीण गुड्डू शुक्ला, सहारे, शिवमंगल सहित कई लोगों ने कहा कि यदि जल निकासी के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो उनका गांव बाढ़ में डूब जाएगा। उनका आरोप था कि पुलिया हटाने से पानी का प्राकृतिक रास्ता बाधित हो रहा है जिससे जल निकासी के लिए नई पुलिया बनाई जाए। बता दें कि इस परियोजना के तहत कुल 1068 मीटर लंबा ओवरब्रिज बनाया जा रहा है। चौकाघाट रेलवे क्रॉसिंग से राजेंद्र मिश्रा के आवास तक 24 पायलिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है, बाकी कार्य चल रहा है। पुलिया तोड़ने से आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर पुलिया बनाने की मांग की। तहसीलदार विपुल सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कराकर जनहित को ध्यान में देकर समस्या हल कराई जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


