पुलिसकर्मियों ने युवक से की मारपीट, क्षेत्र में आक्रोश
Barabanki News - अयोध्या जिले के कुमारगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को एक युवक हरिकृष्ण पांडे को पुलिस ने बेरहमी से पीटा। युवक की मोटरसाइकिल का पेट्रोल खत्म होने पर मदद मांगने पर पुलिसकर्मियों ने उसे गाड़ी चोर कहकर लात-घूसों से मारा। विधायक चंद्रभान पासवान के हस्तक्षेप के बाद युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कुमारगंज (अयोध्या), संवाददाता। उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के कुमारगंज थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक के साथ पुलिस द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। अकमा पूरे चूड़ामणि पांडे गांव निवासी हरिकृष्ण पांडे, पुत्र संतोष कुमार पांडे, किसी काम से कुमारगंज कस्बे गए थे। इसी दौरान हनुमानगढ़ी के पास उनकी मोटरसाइकिल का पेट्रोल खत्म हो गया। पीड़ित के पिता संतोष पांडे के अनुसार, जब हरिकृष्ण ने पास खड़े मोमोज की दुकान के पास मौजूद कुमारगंज पुलिस के एक उपनिरीक्षक और तीन सिपाहियों (सादे वर्दी में) से मदद मांगी और गाड़ी की टंकी का लॉक खोलने के लिए चाबी देने को कहा, तो पुलिसकर्मी मदद करने के बजाय उन्हें डांटने लगे।
आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने हरिकृष्ण को गाड़ी चोर कहकर लात-घूसों और थप्पड़ों से मारना शुरू कर दिया।हरिकृष्ण की गुहार सुनकर आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंच गए और किसी तरह उन्हें पुलिसकर्मियों से छुड़ाया। इस दौरान भीड़ जुटने पर पुलिसकर्मियों ने थाने से अतिरिक्त पुलिस बुला ली और हरिकृष्ण को जबरन गाड़ी में बैठाकर थाने ले गए, जहां कथित रूप से उनकी फिर पिटाई की गई।घटना की सूचना मिलते ही हरिकृष्ण के पिता और गांव के लोग थाने पहुंच गए। मामले की जानकारी मिल्कीपुर क्षेत्र के विधायक चंद्रभान पासवान को दी गई। सूचना मिलते ही विधायक भी कुमारगंज थाना पहुंचे। काफी हंगामे के बाद पुलिस ने हरिकृष्ण को छोड़ दिया। इसके बाद विधायक चंद्रभान पासवान पीड़ित युवक को 100 शैय्या अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार कराया गया। घटना को लेकर क्षेत्र में लोगों के बीच आक्रोश व्याप्त है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


