अब आवासीय कमरे भी होटल की तरह हो सकेंगे बुक
Barabanki News - उत्तर प्रदेश सरकार ने नई 'ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट होमस्टे नीति 2025' शुरू की है, जिससे शहर में रहने वाले लोग अपने मकानों के अतिरिक्त कमरों को पर्यटकों के लिए किराए पर दे सकते हैं। यह योजना रोजगार के नए अवसर सृजित करने और पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए है। इच्छुक लोग अपने आवास को होमस्टे के रूप में पंजीकृत कर सकते हैं।

बाराबंकी। यदि आपका मकान शहर में है और व्यवस्थित ढंग से कमरे हैं तो आप उसे होटल के कमरों की तर्ज पर किराए पर दे सकते हैं। रोजगार के नए द्वार खोलने के लिए सरकार ने नई पहल की है। जनपदवासियों के लिए यह आय का एक बेहतर विकल्प हो सकता है। दरअसल उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पर्यटन को प्रोत्साहन प्रदान करने तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट होमस्टे नीति 2025 लागू की गई है। यह नीति प्रदेश के नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से वे अपने आवासीय परिसरों को पर्यटकों के लिए होमस्टे के रूप में विकसित कर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं।इस
योजना के अंतर्गत इच्छुक व्यक्ति अपने घर के अतिरिक्त कमरों को पर्यटकों के ठहरने के लिए पंजीकृत कर सकते हैं। इस संबंध में सहायक पर्यटन अधिकारी मनीषा चौधरी ने बताया कि आज के समय में पर्यटक केवल दर्शनीय स्थलों का भ्रमण ही नहीं, बल्कि स्थानीय जीवनशैली का अनुभव भी करना चाहते हैं। होमस्टे इस दिशा में एक सशक्त माध्यम बनकर उभर रहा है, जहां अतिथि स्थानीय परिवेश में रहकर वास्तविक भारतीय संस्कृति से जुड़ते हैं। उन्होंने बताया कि यह योजना पर्यटन आधारित आजीविका को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।उन्होंने जिले के इच्छुक नागरिकों से अपील की है कि वे इस योजना का अधिकतम लाभ उठाते हुए अपने आवास को होमस्टे के रूप में पंजीकृत कराएं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


