स्वास्थ्य महानिदेशक ने सीएचसी का किया निरीक्षण
Barabanki News - बुधवार की शाम, उत्तर प्रदेश के महानिदेशक परिवार कल्याण डॉ. पवन कुमार ने रामसनेहीघाट स्थित सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई, प्रसूति सेवाओं और नवजात शिशुओं की देखभाल की सराहना की। डॉ. कुमार ने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलना चाहिए और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रामसनेहीघाट। बुधवार की देर शाम करीब 8:30 बजे महानिदेशक परिवार कल्याण उत्तर प्रदेश डॉ. पवन कुमार ने रामसनेहीघाट स्थित सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। अचानक हुए इस निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई। निरीक्षण के दौरान सीएचसी में तैनात सभी चिकित्सक व कर्मचारी उपस्थित मिले, जिसे देखकर डीजी परिवार कल्याण ने संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के क्रम में सीएचसी प्रभारी डॉ. रमेश की मौजूदगी में आपातकालीन कक्ष, लेबर रूम, एनबीएसयू (नवजात शिशु स्थिरीकरण इकाई), वार्ड एवं प्रयोगशाला का गहन निरीक्षण किया गया। लेबर रूम में एक स्टाफ नर्स को सुरक्षित प्रसव कराते हुए देखकर डॉ. पवन कुमार ने प्रसूति सेवाओं की सराहना की।
वहीं एनबीएसयू में नवजात शिशुओं की देखभाल व्यवस्था को भी परखा। डीजी परिवार कल्याण ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई को संतोषजनक बताते हुए कहा कि स्वच्छता स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का अहम हिस्सा है। हालांकि उन्होंने साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही दवाओं की उपलब्धता, मरीजों की सुविधा, रात्रिकालीन सेवाओं तथा स्टाफ की ड्यूटी व्यवस्था की भी जानकारी ली। रात्रि निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलना चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के बाद डीजी परिवार कल्याण ने सीएचसी की कार्यप्रणाली पर कुल मिलाकर संतोष जताया और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




