Barabanki News: ‘देखो, फंदा लगा रहा हूं...’ कहकर सरकारी शिक्षक ने की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम
Barabanki News: रामनगर में एक सरकारी शिक्षक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शिक्षक ने अपने कमरे का दरवाजा बंद कर शोर मचाया 'देखो फंदा लगा रहा हूँ'। परिवार में विवाद की आशंका जताई जा रही है। शिक्षक की पत्नी और बच्चे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Barabanki News: रामनगर (बाराबंकी), संवाददाता। देखो फांसी का फंदा लगा रहा हूँ... कहकर सोमवार की सुबह एक सरकारी शिक्षक अपने कमरे का दरवाजा बंद कर फंदे से लटक गया। जब तक लोग मौके पर पहंुचते मौत हो चुकी थी। नगर पंचायत रामनगर के मोहल्ला धमेड़ी में सुबह हुई इस घटना से कोहराम मच गया। चर्चा है कि आखिरी वक्त पर शिक्षक परिवार में किसी से बात कर रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के पीछे पारिवारिक कलह को कारण माना जा रहा है। नगर के मोहल्ला धमेड़ी-दो निवासी सेवानिवृत्त जिला सांख्यिकी अधिकारी बृजकिशोर तिवारी उर्फ घनश्याम वर्तमान में लखनऊ में रहते हैं।
उनका घर रामनगर के धमेडी मुहल्ले में भी बना है। उनका इकलौता पुत्र सुभास्कर तिवारी उर्फ आशू (32) भंभुआ क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे, जबकि उनकी पत्नी छाया तिवारी जरवल के एक सरकारी स्कूल में शिक्षिका थी। सोमवार सुबह सुभास्कर रामनगर स्थित अपने घर आया और आवेश में अंदर से दरवाजा बंद कर जोर - जोर से चिल्लाया कि देखो फंदा लगा रहा हूं। उनके चाचा- चाची तथा मुहल्ले के तमाम लोग दौड़े। दरवाजा बंद होने पर लोग उसे बाहर से ही समझाने की कोशिश की लेकिन शिक्षक ने किसी की बात नहीं सुनी और रस्सी के सहारे लटककर जान दे दी। परिजनों की सूचना पर पुलिस भी पहंुच गई और दरवाजा तोड़ उसे उतरवाया तथा सीएचसी ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से पहले सुभास्कर तिवारी किसी से वीडियो कॉल पर बातचीत कर रहे थे। हालांकि बातचीत किससे हो रही थी यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। समझा जा रहा है कि पारिवारिक कलह से क्षुब्ध होकर शिक्षक ने आत्महत्या की है और फंदा लगाने से पहले वह घर के किसी सदस्य से बात कर जान देने की बात कही थी। मृतक अपने पीछे एक बेटा व एक बेटी छोड़ गया है। कोतवाल अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि आत्महत्या का मामला है। अभी कोई कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पीएम के लिए शव भेजा गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


