
अलग-अलग दो युवकों ने फंदा लगाकर जान दी
Barabanki News - बाराबंकी में दो युवा किसानों मनीष कुमार वर्मा और कुलदीप वर्मा के शव फंदे से लटके मिले हैं। मनीष ने पत्नी की साड़ी से फंदा लगाया, जबकि कुलदीप खेत में रस्सी से लटके पाए गए। परिजनों ने आत्महत्या का कारण नहीं बताया है। दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
बाराबंकी। नगर कोतवाली व सफदरगंज थाना क्षेत्रों में दो युवा किसानों के शव फंदे से लटके मिले। परिजनों ने शवों को देखा तो चीख पड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को फंदे से उतार कर उनका पोस्टमार्टम कराया। मृतकों के घरों में कोहराम मचा है। परिजन भी आत्महत्या का कारण नहीं बता पा रहे हैं। अपने कमरे में पत्नी की साड़ी से लगाया फंदा: नगर कोतवाली की रामनगर तिराहा चौकी क्षेत्र के शुक्लाई गांव निवासी मनीष कुमार वर्मा (32) पुत्र हंसराज वर्मा आठवीं तक की पढ़ाई करने के बाद खेती किसानी करने लगा था। वह खेती करके अपने परिवार का भरण पोषण करता था।
गुरुवार की शाम करीब साढ़े सात बजे जब मनीष का कमरा नहीं खुला तो उनके पिता ने खिड़की से देखा तो मनीष का शव कमरे में रंखे से उसकी पत्नी के साड़ी के फंदे से लटका था। यह देख कर वह हतप्रभ रह गए। पास ही कमरे के बाहर की मिट्टी हटाकर मृतक के बड़े बेटे विपिन को अंदर भेजा। उसने कमरे के दरवाजे की कुंडी खोली। इस घटना से घर में कोहराम मचा है। परिजनों ने बताया कि मृतक के दो बेटे विपिन (12) व विपुल (सात) है। वह सात जनवरी को अपनी पत्नी को उसके मायके बदोसराय थाना के लोहराहार छोड़ आया था। युवा किसान द्वारा आत्महत्या का कारण परिजन नहीं बता पा रहे हैं। खेत में बने हाता में रस्सी से लटका था शव: सफदरगंज संवाद के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम बजहा गांव में लक्षबर गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर बजहा निवासी कुलदीप वर्मा (40) उर्फ दीपू अपने खेत के हाते में बने बंगले में अकेला ही रहता था। उसी हाते में रहकर अपने मवेशी और खेत की रखवाली करता था। शुक्रवार की सुबह कुलदीप की पत्नी जब हाते में पहुंची तो कुलदीप के शव को हाता में रस्सी के फंदे से लटका देख कर वह चीख पड़ी। शोर सुनकर आसपास के लोग भी आ गए। पुलिस ने शव को फंदे से उतार कर उसका पोस्टमार्टम कराया है। किसान द्वारा आत्महत्या का कारण परिजन नहीं बता पा रहे हैं। मृतक कुलदीप अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। मृतक के परिवार छोटी बहनों समेत 16 वर्षीय बेटा घनश्याम और 14 वर्षीय बेटी शिवानी हैं। घटना से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




