पुलिस भर्ती परीक्षा देकर लौट रही 25 वर्षीय विवाहिता की सड़क हादसे में मौत, वर्दी पहनने का सपना अधूरा

Mar 16, 2026 02:27 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बाराबंकी
share

Barabanki News - रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। पुलिस में भर्ती होकर वर्दी पहनने का सपना देख रही एक 25 वर्षीय

पुलिस भर्ती परीक्षा देकर लौट रही 25 वर्षीय विवाहिता की सड़क हादसे में मौत, वर्दी पहनने का सपना अधूरा

रामसनेहीघाट (बाराबंकी), संवाददाता। पुलिस में भर्ती होकर वर्दी पहनने का सपना देख रही एक 25 वर्षीय विवाहिता की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। देर रात जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों की चीख-पुकार से वातावरण गमगीन हो गया। पति सौरभ पाठक और उनकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, ग्राम पूरे चितई, मजरे अमहिया की निवासी आरती देवी (25), पत्नी सौरभ पाठक, सोमवार शाम सुकुल बाजार क्षेत्र में आयोजित भर्ती परीक्षा का पेपर देने अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से गई थीं। परीक्षा देकर लौटते समय शुकुल बाजार के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों पति-पत्नी सड़क पर दूर जा गिरे।हादसे में सौरभ पाठक को गंभीर चोटें आईं, जबकि आरती देवी के सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।बताया जाता है कि आरती देवी का विवाह करीब दो वर्ष पहले सौरभ पाठक के साथ हुआ था। शादी के बाद भी वह पढ़ाई जारी रखते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं। परिवार के लोगों के अनुसार उनका सपना पुलिस विभाग में भर्ती होकर परिवार और गांव का नाम रोशन करने का था।हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। देर रात जब शव गांव पहुंचा तो पूरे गांव की आंखें नम हो गईं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।