बोले बाराबंकी: थोड़ा सुधार,थोड़े और का अभी इंतजार
Barabanki News - हिंदुस्तान में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार देखने को मिल रहा है, लेकिन अतिक्रमण की समस्या बनी हुई है। बाराबंकी के प्रमुख चौराहों पर यातायात पुलिस की सक्रियता से स्थिति बेहतर हुई है, परंतु सतरिख नाका चौराहा अभी भी अव्यवस्था का सामना कर रहा है। लोगों की मांग है कि अतिक्रमण हटाने और ट्रैफिक नियमों के पालन के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।
हिंदुस्तान में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर प्रकाशित खबरों के बाद शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात संचालन की स्थिति में काफी हद तक सुधार देखने को मिल रहा है। जहां पहले चौराहों पर घंटों जाम लगा रहता था, वहीं अब ट्रैफिक पुलिस की सक्रियता और बेहतर प्रबंधन से वाहनों की आवाजाही पहले से कहीं ज्यादा सुगम हुई है। हालांकि, इस सकारात्मक बदलाव के बावजूद सड़कों के किनारे फैले अतिक्रमण ने लोगों की परेशानी कम नहीं होने दी है। फुटपाथों और सड़क पटरी पर अवैध दुकानों, ठेलों और अस्थायी निर्माणों के कारण सड़कें संकरी हो गई हैं। थोड़ी सी भी भीड़ बढ़ते ही जाम की स्थिति बन जाती है और राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
लोगों का कहना है कि यदि अतिक्रमण हटाने के लिए सख्त और स्थायी अभियान चलाया जाए तो ट्रैफिक व्यवस्था और बेहतर हो सकती है। साथ ही, नियमित निगरानी और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई जरूरी है, ताकि दोबारा सड़कों पर कब्जा न हो सके। अगर प्रशासन ट्रैफिक सुधार की इस पहल को आगे बढ़ाते हुए अतिक्रमण के खिलाफ कदम उठाए। बोले बाराबंकी: थोड़ा सुधार,थोड़े और का अभी इंतजार बाराबंकी। शहर के प्रमुख सतरिख नाका चौराहे पर ट्रैफिक संचालन की स्थिति में अब तक कोई ठोस सुधार देखने को नहीं मिला है। अन्य चौराहों पर ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होने के दावों के बीच सतरिख नाका चौराहा आज भी अव्यवस्था की मार झेल रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों के अनुसार, चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती तो होती हैं लेकिन ट्राफिक संचालन में कोई सुधार नहीं होता हैं। हालत यह है कि अव्यवस्थित वाहन खड़े रहने से अक्सर लंबा जाम लग जाता है। खासकर सुबह और शाम के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती है। स्कूल, दफ्तर, कचहरी और बाजार जाने वाले लोगों को समय पर पहुंचना मुश्किल हो रहा है। इसके अलावा सड़क किनारे अतिक्रमण और बिना नियम के चलने वाले ई-रिक्शा, ऑटो और दोपहिया वाहन जाम की बड़ी वजह बने हुए हैं। कई बार एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहनों को भी जाम में फंसना पड़ता है, जिससे आमजन में नाराजगी बढ़ रही है। लोगों की मांग है कि सतरिख नाका चौराहे पर स्थायी ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाए, अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया जाए और ट्रैफिक सिग्नल की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। जब तक इन समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक इस चौराहे पर ट्रैफिक सुधार केवल कागजी साबित होगा। पटेल तिराहा बना बेहतर यातायात व्यवस्था की मिसाल: शहर के पटेल तिराहे की यातायात व्यवस्था इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। जहां शहर के कई चौराहों पर जाम की समस्या आम बनी रहती है, वहीं पटेल तिराहे पर यातायात व्यवस्था काफी सुचारु और व्यवस्थित नजर आ रही है। इसकी सबसे बड़ी वजह यातायात पुलिस की निरंतर मुस्तैदी और सख्त निगरानी मानी जा रही है। लोगों के अनुसार, पटेल तिराहे पर यातायात पुलिस हर समय तैनात रहकर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करती है। सिग्नल व्यवस्था के साथ-साथ मैन्युअल कंट्रोल से भी ट्रैफिक को संभाला जा रहा है, जिससे किसी भी दिशा में जाम की स्थिति नहीं बनने दी जाती। इसका सीधा फायदा आम नागरिकों को मिल रहा है और लोगों को अब जाम से जूझना नहीं पड़ता। व्यापारियों और राहगीरों का कहना है कि पहले इस तिराहे पर भी अक्सर जाम लगता था, लेकिन अब समय पर ऑफिस, बाजार, कचहरी, बैंक और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचना आसान हो गया है। लोगों ने यातायात पुलिस के इस प्रयास की जमकर सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इसी तरह की व्यवस्था शहर के अन्य चौराहों पर भी लागू की जाएगी। पटेल तिराहे की यह व्यवस्था साबित करती है कि यदि प्रशासन और यातायात पुलिस पूरी ईमानदारी और सक्रियता से काम करें तो जाम जैसी समस्या से काफी हद तक निजात पाई जा सकती है। शहर के कई प्रमुख चौराहों पर लगे ट्रैफिक सिग्नल खराब पड़े हुए हैं, जिससे यातायात संचालन में भारी दिक्कतें सामने आ रही हैं। सिग्नल बंद रहने या ठीक से काम न करने के कारण वाहन चालकों को समझ नहीं आ पाता कि कब रुकना है और कब चलना है, जिससे अक्सर अव्यवस्था और जाम की स्थिति बन जाती है। लोगों का कहना है कि खराब सिग्नलों के चलते चौराहों पर अफरा-तफरी का माहौल रहता है। जमुरिया पुल निर्माण बना लोगों की मुसीबत, लगता है जाम बारांबकी। शहर में पिछले कई महीनों से पटेल तिराहे के पास निर्माणाधीन जमुरिया पुल आम जनता के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है। पुल निर्माण के चलते मार्ग संकरा हो गया है, जिससे रोजाना लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है। खासकर सुबह और शाम के व्यस्त समय में स्थिति और भी बदतर हो जाती है। लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल पर यातायात के लिए जो वैकल्पिक व्यवस्था की गई है, लेकिन वह नाकाफी हैं। नतीजतन, भारी वाहनों, बसों, ऑटो और दोपहिया वाहनों की भीड़ एक साथ फंस जाती है। कई बार वाहनों के आपस में टकरा जाने से मौके पर नोकझोंक और विवाद की स्थिति भी बन जाती है, जिससे जाम और लंबा खिंच जाता है। निर्माण स्थल पर ट्रैफिक पुलिस की स्थायी तैनाती तो नजर आती है। लेकिन इसके बाद भी लोगों को जाम से जूझना पड़ता है। और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। स्कूली बच्चों, मरीजों और दफ्तर व कचहरी जाने वाले लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने मांग की है कि पुल निर्माण कार्य को तेजी से पूरा किया जाए। जब तक प्रशासन इस ओर गंभीर कदम नहीं उठाता, तब तक जमुरिया पुल का निर्माण आमजन के लिए राहत नहीं बल्कि मुसीबत बना रहेगा। पल्हरी चौराहे पर बदहाल यातायात व्यवस्था बाराबंकी। शहर के प्रमुख पल्हरी चौराहे पर यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन न होने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर पल्हरी से जैदपुर जाने वाले मार्ग पर अतिक्रमण ने हालात और भी गंभीर बना दिए हैं। सड़क के दोनों ओर दुकानदारों और ठेले वालों द्वारा किए गए कब्जों के कारण मार्ग संकरा हो गया है, जिससे हर दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। लोगों का कहना है कि सुबह और शाम के समय चौराहे पर यातायात का दबाव बढ़ते ही वाहन रेंगने लगते हैं। ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती और सिग्नल व्यवस्था के अभाव में अव्यवस्था और बढ़ जाती है। कई बार एम्बुलेंस और स्कूल वाहनों को भी जाम में फंसना पड़ता है, जिससे लोगों में आक्रोश है। पल्हरी जैदपुर मार्ग पर अतिक्रमण के चलते पैदल चलने वालों को सड़क पर उतरकर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था दुरुस्त की जाए, चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाए नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। जागरूकता अभियान का दिख रहा असर बारांबकी। शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यातायात प्रभारी राम यतन यादव द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत लोगों को ट्रैफिक नियमों के पालन, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचाव और सुरक्षित वाहन संचालन के बारे में जानकारी दी जा रही है। यातायात प्रभारी राम यतन यादव स्वयं चौराहों और प्रमुख मार्गों पर पहुंचकर वाहन चालकों, दोपहिया सवारों और पैदल यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जागरूकता अभियान से यातायात व्यवस्था में सुधार देखने को मिल रहा है। लोगों में नियमों के प्रति समझ बढ़ी है और दुर्घटनाओं में भी कमी आ रही है। नागरिकों ने यातायात प्रभारी राम यतन यादव की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अधिकारी शहर के लिए प्रेरणा हैं। लोगों ने उम्मीद जताई है कि इस तरह के जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था और अधिक सुरक्षित व सुचारू बन सके। इनकी भी सुनिए अतिक्रमण हटाने के लिए सख्त अभियान चले व ट्रैफिक व्यवस्था और बेहतर होगी। नियमित निगरानी और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई भी हो। -अवधेश कुमार प्रशासन अतिक्रमण के खिलाफ कदम उठाए। सड़कों के किनारे अतिक्रमण कर लिए जाने से दिक्कतें होती हैं। जिम्मेदार ध्यान दें। -मो. सिद्दीकी अगर लोग हेलमेट और सीट बेल्ट का पालन करें तो हादसे कम होंगे। लोग अब सवारी चढ़ाने-उतारने में सावधानी बरतते हैं। यदि सख्ती दिखाई जाए तो सुधार होगा। -राजकुमार पहले इस तिराहे पर भी अक्सर जाम लगता था, लेकिन अब समय पर ऑफिस, बाजार, कचहरी, बैंक और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचना आसान हो गया है। -मिंदर स्कूलों में ट्रैफिक जागरूकता कार्यक्रम होने चाहिए। ग्रामीण इलाकों में महिलाओं को भी वाहन चलाते समय नियमों की जानकारी दी जा रही है। -सुनील कुमार पटेल तिराहे पर पुलिस हर समय तैनात रहकर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करती है। सिग्नल व्यवस्था के साथ मैन्युअल कंट्रोल से भी ट्रैफिक को संभाला जा रहा है। -शिवकुमार बोले जिम्मेदार यातायात नियमों का पालन करने के लिए स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाया जाता है। लोगों को सीट बेल्ट, हेलमेट व अन्य यातायात के नियमों की जानकारी दी जाती है। जो भी यातायात के नियमों का पालन नहीं करता है। उसका चालान किया जाता है। - राम यतन यादव, यातायात प्रभारी बाराबंकी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



