
लापता तीनों किशोरियां लखीमपुर खीरी में मिलीं
Barabanki News - रामनगर में तीन किशोरियां घर से निकलने के बाद देर शाम तक नहीं लौटीं। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिन्होंने जांच की। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल ट्रेसिंग के जरिए तीनों किशोरियों को लखीमपुर खीरी में खोज लिया गया। वे रिश्तेदारी में गई थीं।
रामनगर। थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम घर से निकली तीन किशोरियां देर शाम तक घर नहीं पहुंची। परिजनों ने काफी तलाश की किंतु पता नहीं लग सका तो पुलिस को सूचना दी। सीओ व कोतवाल ने मौके पर पहुंच जांच पड़ताल की। पुलिस ने तीनों किशोरियों को लखीमपुर खीरी जनपद से खोज लिया है। रामनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली तीन किशोरियां पड़ोसी हैं। एक किशोरी कक्षा आठ की छात्रा है शेष दोनों अशिक्षित हैं। तीनों किशोरियां गुरुवार की शाम करीब चार बजे पूरे छपटी गांव वाले रास्ते से जाकर एक खेत में बथुआ बीनने गई थीं।
शाम छह बजे तक वह अपने घर नहीं लौटी तो परिजन उन्हें ढूंढने निकले लेकिन उनका पता नहीं लगा। गांव के पूरे छपटी मोड़ पर लगे कैमरे में तीनों एक साथ उसी रास्ते पर जाते दिखीं मगर आगे खेत होने से कैमरे में भी कुछ और नहीं दिखा। परिजन देर तक इधर उधर ढूंढते रहे और ग्राम प्रधान को भी बताया जिस पर सूचना रामनगर पुलिस को दी गई। इस सूचना पर सीओ गरिमा पंत व कोतवाल अनिल पांडेय ने मौके पर पहुंच कर प्रारंभिक जांच पड़ताल कर परिजनों के बयान आदि लिये। एक किशोरी के पास मोबाइल फोन होने की बात सामने आई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। साथ ही मोबाइल से भी किशोरियों को ट्रेस करने की कोशिश की गई। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि तीनों किशोरियों को लखीमपुरी खीरी में खोज लिया गया है। तीनों लड़कियां स्वयं ही रिश्तेदारी में चली गईं थीं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




