अवसानेश्वर मंदिर में चोरी करने वाले समेत दो को पुलिस ने दबोचा
Barabanki News - बाराबंकी के हैदरगढ़ में अवसानेश्वर महादेव मंदिर से चांदी के अरघा और छत्र की चोरी हुई थी। पुलिस ने 48 घंटे में चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 4 किलो 769 ग्राम चांदी और 7000 रुपये नगद बरामद किए गए हैं। आरोपियों पर पहले भी कई चोरी के मामले दर्ज हैं।

बाराबंकी। हैदरगढ़ थाना क्षेत्र स्थित अवसानेश्वर महादेव मंदिर में चांदी के अरघा व छत्र की चोरी की घटना का खुलासा हैदरगढ़ पुलिस ने 48 घंटे में ही कर दिया। पुलिस ने इस मामले में चोर व चांदी खरीदार को गिरफ्तार कर उनके पास से चार किलो 769 ग्राम चांदी व सात हजार रुपये नगदी बरामद की। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेजा है। तीन फरवरी की देर रात हुई थी चोरी: हैदरगढ़ थाना क्षेत्र में अवसानेश्वर महादेव मंदिर में तीन फरवरी की देर रात चोर ने शिवजी के अरघे की चांदी व शिवलिंग के ऊपर लगा चांदी का छत्र चोरी कर ले गए थे।
चोरी गए चांदी का अरघा व छत्र में करीब नौ किलो चांदी की बात कही जा रही थी। चार फरवरी को मंदिर में अरघा से चांदी व छत्र गायब देख कर चोरी की जानकारी हुई। पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। 48 घंटे में हुई गिरफ्तारी: सीसीटीवी फुटेज में चोर के शिवलिंग पर चढ़ते हुए दिखाई दे रहा है। जिससे अधिवक्ताओं में आक्रोश दिखा। गुरुवार को हैदरगढ़ तहसील बार के अधिवक्ताओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए प्रदर्शन किया। इसके साथ ही एसडीएम को ज्ञापन देकर घटना का जल्द खुलासे की मांग की। कोतवाल अभिमन्यु मल्ल ने टीमें बनाकर इस मामले में काम शुरू किया। शुक्रवार की सुबह इस मामले में पुलिस ने वीरेन्द्र कुमार पुत्र रामशंकर निवासी ग्राम कछवा थाना सुबेहा व जय विश्वकर्मा पुत्र कृष्णानन्द विश्वकर्मा मदारपुर तिराहा थाना कोठी को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार शाम एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने इस घटना का खुलासा करते हुए बताया कि चोरी हुई चार किलो 769 ग्राम चांदी व सात हजार रुपये नगदी दोनों चोरों के पास से बरामद हुआ है। मंदिरों को बनाते थे निशाना, कई घटनाओं का खुलासा: पूछताछ में पुलिस कई घटनाओं का खुलासा किया है। बताया कि वीरेन्द्र कुमार पुत्र रामशंकर निवासी ग्राम कछवा थाना सुबेहा शातिर चोर है। वह मंदिरों की रेकी करने बाद चिन्हित मंदिर में रात में चोरी की घटना को अंजाम देता है। वीरेन्द्र मंदिर से चोरी किये गए चांदी आदि कीमती सामान को देवीगंज स्थित ज्वैलर्स की दुकान पर जय विश्वकर्मा पुत्र कृष्णानन्द को सस्ते दाम पर बेच देता है। वीरेन्द्र कुमार द्वारा तीन फरवरी की देर रात थाना हैदरगढ़ क्षेत्रान्तर्गत अवसानेश्वर मंदिर का ताला तोड़कर मन्दिर के अन्दर से चांदी का छत्तर व अरघे पर मढ़ा हुआ चांदी का पत्तर चोरी किया गया था। चार जनवरी की रात उसने थाना असन्द्रा के ग्राम जरौली स्थित हनुमान मंदिर से दो चांदी के मुकुट चोरी की थी। 30 जनवरी की देर रात वीरेंद्र ने थाना रामसनेहीघाट स्थित रामसनेही बाबा मंदिर से इनवर्टर, सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर, एलईडी टीवी व सीसीटीवी कैमरा चोरी किया गया था। आरोपी वीरेंद्र पर करीब आठ मुकदमें दर्ज हैं। शराब का लती है मंदिर में चोरी करने वाला शातिर सुबेहा। औसानेश्वर महादेव मंदिर में दो दिन पूर्व 20 लाख से अधिक कीमत का छत्र व अरघा चोरी करने वाला शातिर चोर वीरेंद्र कुमार शराब का आदी है। वह ज्यादातर समय नशे मे धुत होकर ही व्यतीत करता है। पिता रेलवे मे लेबर ठेकेदारी का काम करते हंै। लेकिन वीरेंद्र का मेल जोल क्षेत्र के कुछ शातिर अपराधियों से हो गया। चोरी की लत पड़ने पर वह धार्मिक स्थलों को ही अपना निशाना बनाता रहा है। गांव वासियों ने बताया कि मजाकिया लहजे में बात करने वाले वीरेंद्र को शनी बाजार सुबेहा स्थित हनुमान मंदिर में मुकुट चोरी के इल्जाम में पकड़े जाने पर हमसब लोग बहुत आश्चर्यचकित रह गए। सरकार ने बीते वर्ष इसे प्रधानमंत्री आवास दिया था। इस आवास में वह अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ जीवन यापन किया करता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


